गंगापुर सिटी: गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने के लिए चलेगा हस्ताक्षर अभियान
गोपाल गौशाला में आयोजित कार्यक्रम में संत गोपालानंद महाराज ने गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और सवा लाख हस्ताक्षर एकत्रित करने का आह्वान किया।

गंगापुर सिटी की गोपाल गौशाला में 'गौ माता सम्मान आह्वान अभियान' के तहत आयोजित कार्यक्रम में मंच पर उपस्थित संत श्री श्री 108 ग्वाल संत गोपालानंद महाराज और उपस्थित गौसेवक व नगरवासी।
सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं के संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे "गौ माता सम्मान आह्वान अभियान" के तहत गंगापुर सिटी नगर परिषद क्षेत्र स्थित गोपाल गौशाला में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संत श्री श्री 108 ग्वाल संत गोपालानंद महाराज ने गौसेवकों एवं नगरवासियों को संबोधित करते हुए गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की आवश्यकता पर बल दिया और इसके लिए व्यापक जनजागरण एवं हस्ताक्षर अभियान चलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान संत गोपालानंद महाराज ने अपने आशीर्वचनों में कहा कि यदि सनातन संस्कृति और भारतीय मूल्यों को सुरक्षित रखना है तो गौमाता की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित कराने, गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा प्रभावी गौहत्या कानून लागू कराने के लिए समाज के सभी वर्गों और धर्मावलंबियों को संगठित होकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने गौमाता को विश्व जननी बताते हुए कहा कि इसके लिए देशव्यापी जनसमर्थन जुटाना समय की आवश्यकता है।
महाराज ने जानकारी दी कि हस्ताक्षर अभियान के तहत 27 जुलाई को जिला मुख्यालय पर ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत सवाई माधोपुर जिले से सवा लाख हस्ताक्षर एकत्रित कर प्रशासन के माध्यम से सरकार तक जनभावनाएं पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर उपस्थित गौसेवकों को अभियान की सफलता के लिए संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम में गौ माता सम्मान आह्वान अभियान के तहसील प्रचारक एवं गौसेवक गोविंद नारायण शर्मा के नेतृत्व में संत गोपालानंद महाराज का भव्य स्वागत किया गया। सभा का संचालन गोपाल गौशाला अध्यक्ष विजय गोयल ने किया।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी बहादुर सिंह गुर्जर, कृपाशंकर उपाध्याय, राजेंद्र नरूका, नरेश दुबे, शैलेंद्र श्रीवास्तव, नरेंद्र चौधरी, भानु पारीक, राजेश अग्रवाल, महेश चौधरी, मोहित शर्मा, किशन वैष्णव, प्रसन्न सुराणा, गिर्राज गुप्ता, पिल्लू धोलेटा, राधा दीक्षित, नरेश मीणा एडवोकेट, बृजनंद दीक्षित, डॉ. राहुल गुप्ता, चंद्रभान स्वास्तिक, रमेश सेन सहित बड़ी संख्या में गौसेवक एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने गौसंरक्षण और जनजागरण को सामाजिक सहभागिता से जोड़ते हुए अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने का आह्वान किया। आगामी हस्ताक्षर अभियान को लेकर उपस्थित लोगों में उत्साह देखने को मिला, जिसे अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
