गंगापुर सिटी में कांग्रेस की रणनीतिक बैठक, बूथ स्तर तक संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान तेज करने का आह्वान
गंगापुर सिटी में कांग्रेस की रणनीतिक बैठक में बूथ स्तर तक संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर नेताओं ने कार्यकर्ताओं को अहम संदेश दिया।

तस्वीर में गंगापुर सिटी कांग्रेस मंडल कमेटी की बैठक के दौरान कमरे में कुर्सियों पर बैठकर चर्चा करते पदाधिकारी और कार्यकर्ता दिखाई दे रहे हैं।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा तथा जिला अध्यक्ष एवं विधायक इंदिरा मीणा के दिशा-निर्देशों के तहत बुधवार को गंगापुर कांग्रेस मंडल कमेटी की महत्वपूर्ण और रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष शाहिद शाहीन ने की, जबकि बैठक प्रभारी एवं जिला सचिव सिराज खान ने पूरे कार्यक्रम का संचालन किया। बैठक को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष एवं प्रभारी बत्तीलाल गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास संघर्ष और सेवा का रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और पूर्ण एकजुटता के साथ जनता के बीच जाने तथा राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
पीसीसी सदस्य मुकेश शर्मा ने कहा कि संगठन की वास्तविक मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता से आती है। उन्होंने कहा कि जब कार्यकर्ता मजबूत होगा तभी पार्टी मजबूत होगी और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को हर हाल में जमीनी स्तर पर सफल बनाना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. नवीन खान ने युवाओं और नए कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि ब्लॉक स्तर पर टीम को और अधिक सक्रिय किया जाएगा तथा जनसंपर्क अभियान को गति दी जाएगी, ताकि कोई भी वार्ड या ढाणी कांग्रेस की पहुंच से अछूती न रहे। वहीं उपाध्यक्ष हरिप्रसाद मीणा ने कहा कि पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ मैदान में डटा हुआ है और सभी मिलकर बूथ स्तर पर ऐसी अभेद्य किलेबंदी करेंगे कि विरोधी दल सामने टिक नहीं पाएंगे।
बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में जिला सचिव एवं प्रभारी सिराज खान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी समय में पार्टी को हर मोर्चे पर अग्रिम पंक्ति में खड़ा करने के लिए संगठन का विस्तार बूथ स्तर तक किया जाएगा। उन्होंने कहा, "हमारा लक्ष्य हर एक कार्यकर्ता को सक्रिय भागीदार बनाना और आगामी कार्यक्रमों को पूरी ताकत के साथ धरातल पर उतारना है।"
कांग्रेस मीडिया प्रभारी अमन खान ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि संगठन की इस महत्वपूर्ण बैठक में सवाई माधोपुर जिले के कई वरिष्ठ नेताओं और सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में मंडल अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता, पीसीसी सदस्य अब्दुल वहाब, जिला परिषद प्रतिनिधि अफजल खान, सवाई माधोपुर, पार्षद महबूब, पार्षद अब्दुल कलाम, सोशल मीडिया प्रभारी हर्ष कुमार गौतम तथा अकसाम पठान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावी एवं संगठनात्मक चुनौतियों का एकजुट होकर सामना करने तथा पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाते हुए संगठन का परचम बुलंद करने का सामूहिक संकल्प लिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
