गंगापुर सिटी: 1 अक्टूबर से चलेगा विशेष सफाई अभियान, दुरुस्त होंगी रोड लाइटें
नगर परिषद की 'स्वच्छ गंगापुर-स्वस्थ गंगापुर' मुहिम के तहत सभी 60 वार्डों में सफाई और दीपावली से पहले रोड लाइट दुरुस्त करने का काम होगा।

गंगापुर सिटी नगर परिषद कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मौजूद जनप्रतिनिधि और अधिकारी।
गंगापुर सिटी। नगर परिषद का नया बोर्ड गठित होने के बाद सभापति कृष्ण कुमार गोयल ‘कुबेर’ ने शहर की सफाई व्यवस्था और रोशनी को लेकर विशेष अभियान की घोषणा की है। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद की ओर से ‘स्वच्छ गंगापुर-स्वस्थ गंगापुर’ थीम पर विशेष सफाई अभियान 1 अक्टूबर से शुरू किया जाएगा। सभापति ने बुधवार शाम नगर परिषद में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अभियान की जानकारी दी।
सभापति कृष्ण कुमार गोयल ने बताया कि अभियान सभी 60 वार्डों में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। इसके लिए शहर को क्लस्टर में विभाजित किया गया है। पहले दिन वार्ड संख्या 1, 2, 3, 4 एवं 60 को शामिल कर क्लस्टर बनाया गया है। प्रत्येक क्लस्टर में दो दिन तक विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
अभियान के लिए नियमित सफाई कर्मचारियों के अलावा अलग से टीम गठित की गई है। टीम को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर मौके पर सफाई कार्य कराया जाएगा। अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जमादार से लेकर नगर परिषद आयुक्त तक अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।
दीपावली से पहले सभी रोड लाइटें होंगी दुरुस्त
विशेष सफाई अभियान के दौरान शहर की सभी रोड लाइटों की भी जांच की जाएगी। खराब रोड लाइटों को तत्काल दुरुस्त अथवा बदलने की कार्रवाई की जाएगी। सभापति कृष्ण कुमार गोयल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ बनाने के साथ ही दीपावली के पर्व पर शहर की प्रत्येक गली को रोशन करना भी है।
बिना राजनीतिक भेदभाव के होंगे विकास कार्य : रामकेश मीणा
प्रेस कांफ्रेंस में विधायक रामकेश मीणा ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्य बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के कराए जाएंगे। भाजपा के पार्षद भी अपनी समस्याएं और विकास संबंधी मांगें परिषद के समक्ष रख सकते हैं। उन्होंने पार्षदों से सफाई अभियान के दौरान मौके पर मौजूद रहकर अपने-अपने वार्ड की समस्याओं का समाधान कराने में सहयोग करने की अपील की।
पूर्व में नगर परिषद को अपने कोष से एक भी रुपया नहीं देने संबंधी भाजपा के आरोपों पर विधायक ने कहा कि शहर में 195 सड़कों का निर्माण कराया गया है, भले ही निर्माण कराने वाली एजेंसी कोई भी रही हो। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभागों से समन्वय स्थापित करने के बाद ही सड़क निर्माण कार्य कराए जाएं।
विधायक ने बताया कि 37 वार्डों में 10-10 लाख रुपए के विकास कार्य कराए जाएंगे। भाजपा पार्षद भी अपने वार्डों के विकास के लिए मांग प्रस्तुत कर सकते हैं।
इस दौरान नगर परिषद आयुक्त दीपक चौहान, उपसभापति मुजाहिद खान, पार्षद गिरधारी अग्रवाल, पंकज मंगलम, मुमताज सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। 1 अक्टूबर से शुरू हो रहे अभियान के तहत सफाई व्यवस्था के साथ रोड लाइटों की स्थिति पर भी कार्रवाई होगी, जबकि 60 वार्डों को चरणबद्ध तरीके से अभियान में शामिल किया जाएगा।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
