गंगापुर सिटी में जनगणना कार्य का औचक निरीक्षण, दिए निर्देश
चार्ज एवं नगर जनगणना अधिकारी बृजेन्द्र मीना ने प्रगणकों द्वारा तैयार नजरी नक्शे और एप आधारित कार्य की जांच कर गलतियों को सुधारने के निर्देश दिए।

गंगापुर सिटी में गुरुवार को जनगणना-2027 के मकानसूचीकरण एवं गणना कार्य का औचक निरीक्षण करने पहुंचे चार्ज एवं नगर जनगणना अधिकारी बृजेन्द्र मीना (दाएं से तीसरे), जनगणना प्रभारी मनमोहन दुबे, फील्ड ट्रेनर अरुण वैश्य, सुपरवाइजर धर्मराज मीना और प्रगणक।
Gangapur City में गुरुवार, 28 मई को चार्ज एवं नगर जनगणना अधिकारी बृजेन्द्र मीना द्वारा सुरवाईजर एवं प्रगणकों के ब्लॉक/क्षेत्र में पहुंचकर जनगणना-2027 हेतु चल रहे मकानसूचीकरण एवं गणना कार्य का औचक निरीक्षण किया गया। जनगणना-2027 के प्रथम चरण का कार्य 16 मई से प्रारम्भ हो चुका है, जिसके अंतर्गत सम्पूर्ण Rajasthan में प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनगणना संबंधी आंकड़े एकत्रित किए जा रहे हैं तथा जनगणना भवन संख्या का आवंटन कर नजरी नक्शा तैयार किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान सर्किल नं. 5 व 6 के प्रगणकों समय कुमारी मीना, रिंकी वर्मा, हरबाई मीना, मोन्टी बंसल, दीप्ति गुप्ता सहित अन्य प्रगणकों एवं सुपरवाइजर धर्मराज मीना सहित अन्य सुपरवाइजरों द्वारा बनाए गए नजरी नक्शे एवं एप आधारित कार्य की जांच की गई। कार्य में पाई गई गलतियों को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारी बृजेन्द्र मीना ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आवंटित क्षेत्र में कोई भी भवन या मकान छूटना नहीं चाहिए तथा किसी भी भवन की दोहरी प्रविष्टि नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों को क्षेत्र का सघन भ्रमण करने तथा नागरिकों को जनगणना के महत्व के बारे में जागरूक करने और वास्तविक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि प्रगणकों द्वारा पूछे जाने वाले जनगणना संबंधी प्रश्नों का निष्पक्ष रूप से उत्तर दें, जिससे वास्तविक आंकड़े एकत्रित हो सकें। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि यह जानकारी किसी के साथ साझा नहीं की जाएगी और विधिक प्रावधानों के तहत इसे साक्ष्य के रूप में भी प्रस्तुत नहीं किया जा सकेगा, इसलिए सभी नागरिक अपनी वास्तविक स्थिति ही दर्ज कराएं और किसी भी प्रकार के बहकावे में न आएं।
निरीक्षण के दौरान जनगणना प्रभारी मनमोहन दुबे, फील्ड ट्रेनर अरुण वैश्य सहित सुपरवाइजर एवं प्रगणक उपस्थित रहे। इस औचक निरीक्षण ने जनगणना कार्य की गुणवत्ता, पारदर्शिता और सटीकता को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
