गंगापुर सिटी। स्थानीय सीबीईओ सभागार में गुरुवार, 16 अप्रैल को नगर परिषद क्षेत्र के यूसीईओ, उनके अधीनस्थ विद्यालयों के संस्था प्रधानों और शहरी क्षेत्र की आंगनबाड़ी पर्यवेक्षकों के लिए एक दिवसीय गहन कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी मैपिंग की प्रक्रिया को सुचारू बनाना और आगामी प्रवेशोत्सव अभियान को सफल बनाना रहा। आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों और शिक्षाविदों ने आंगनबाड़ी केंद्रों के समन्वय और नामांकन वृद्धि पर विस्तृत मंथन किया।

कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (एसीबीईओ) हनुमान गोयल ने दोटूक निर्देश दिए कि समस्त संस्था प्रधान अपने कैचमेंट एरिया में आने वाले आंगनबाड़ी केंद्रों की भौतिक और प्रशासनिक मैपिंग का कार्य तत्काल पूर्ण करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस मुहिम का अंतिम लक्ष्य क्षेत्र के हर अनामांकित बच्चे को विद्यालय से जोड़ना है ताकि कोई भी बालक 'ड्रॉप आउट' न रहे। गोयल ने स्पष्ट किया कि पिछली कक्षा उत्तीर्ण करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी का अगली कक्षा में प्रवेश सुनिश्चित करना अनिवार्य है।

तकनीकी सत्र के दौरान कार्यवाहक संदर्भ व्यक्ति केदार शर्मा, प्रवेशोत्सव कंट्रोल रूम के भगवान रैबारी और एमआईएस प्रमोद गुप्ता ने मैपिंग प्रक्रिया में आ रही व्यावहारिक और तकनीकी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और मौके पर ही उनका समाधान प्रस्तुत किया। शहरी संस्था प्रधानों को उनके कार्यक्षेत्र से संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों की सूची आंगनबाड़ी सुपरवाइजर्स द्वारा उपलब्ध करवाई गई, ताकि भौतिक सत्यापन और प्रशासनिक समन्वय में कोई त्रुटि न रहे। सरकारी विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने और शिक्षण की गुणवत्ता में निरंतर सुधार को लेकर भी कार्यशाला में गंभीर विमर्श हुआ।

इस महत्वपूर्ण बैठक में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगापुर सिटी के कार्यवाहक प्रधानाचार्य भरत लाल बैरवा, प्रवेश उत्सव प्रभारी गिर्राज गुप्ता, यूपीएस बाढ़ सालोदा के संस्था प्रधान सुरेंद्र सिंह राठौड़ और सेठ हठीला राम यूपीएस के संस्था प्रधान शिवदयाल मीणा उपस्थित रहे। साथ ही महात्मा गांधी विद्यालय मिर्जापुर के रूप सिंह माली, यूपीएस नंबर एक के रूप सिंह मीणा, पीएस नंबर चार के धन सिंह मेहरा, महात्मा गांधी सालोदा के रघुवर जाटव, महात्मा गांधी नंबर तीन से प्रतिभा अग्रवाल, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय से संपत बाई मीणा, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय कल्याण जी गेट के प्रधानाचार्य विजय सिंह गुर्जर, यूपीएस नंबर दो की संस्था प्रधान सुनयना शर्मा और आईसीडीएस विभाग की महिला पर्यवेक्षकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। यह कार्यशाला क्षेत्र की शैक्षिक नींव को मजबूत करने और बाल विकास के एकीकृत ढांचे को धरातल पर उतारने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित होगी।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story