गंगापुर सिटी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून 2026 को भारत विकास परिषद, शाखा कुशालगढ़-गंगापुर सिटी द्वारा पर्यावरण चेतना की एक अनूठी पहल करते हुए 'पर्यावरण संरक्षण शपथ एवं हस्ताक्षर अभियान' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के प्रांतीय महासचिव श्रीमान धर्मेंद्र जी मित्तल एवं गंगापुर सिटी जिला पर्यावरण टोली के संयोजक श्रीमान राजकुमार जी उपाध्याय ने विशेष अतिथि के रूप में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। शाखा के गतिविधि संयोजक (पर्यावरण) पुष्पेन्द्र मित्तल व कपिल गौतम ने अतिथियों का तिलक लगाकर व दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम के गायन के साथ हुआ।

मुख्य वक्ता के रूप में प्रांतीय महासचिव धर्मेंद्र जी मित्तल ने पर्यावरण से संबंधित प्रासंगिक कार्यों पर सारगर्भित संबोधन दिया, जबकि जिला पर्यावरण संयोजक राजकुमार जी उपाध्याय ने गंगापुर सिटी में पर्यावरण संरक्षण हेतु किए जा रहे सक्रिय प्रयासों के बारे में बहुमूल्य जानकारी साझा की। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण संरक्षण के प्रति दिलाई गई शपथ रही, जिसे प्रांतीय महासचिव धर्मेंद्र जी मित्तल ने संपादित कराया। इसके उपरांत, प्रांत द्वारा निर्देशित हस्ताक्षर अभियान के अंतर्गत भारत विकास परिषद के बैनर पर सभी ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साक्षी के रूप में अपने हस्ताक्षर किए और साथ ही मोबाइल नंबर भी दर्ज किए।

इस आयोजन में शाखा के प्रांतीय कार्यकारिणी पदाधिकारी श्री लक्ष्मीनारायण जी गोयल, श्री सुरेन्द्र जी मित्तल, श्री तुलसीराम जी सहित कार्यकारिणी के अन्य सदस्य, प्रबुद्ध जन, युवा और बच्चे सम्मिलित हुए। लगभग 25 से 30 सदस्यों की सक्रिय उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान बैनर पर 100 से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के गौरवशाली स्वरों के साथ हुआ। यह पहल न केवल पर्यावरण के प्रति जागरूकता का प्रतीक बनी, बल्कि सामुदायिक भागीदारी का एक सशक्त उदाहरण भी प्रस्तुत कर गई।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story