गंगापुर सिटी में समाज की प्रतिभाओं की उपलब्धियों को सम्मान देने के लिए जिला स्तरीय ब्राह्मण प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 का आयोजन 4 अक्टूबर 2026, रविवार को किया जाएगा। विप्र फाउंडेशन ज़ोन 1-डी, गंगापुर सिटी के तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह समारोह दोपहर 12 बजे से विजय पैलेस, ओसवाल चुंगी नाका, गंगापुर सिटी में होगा। समारोह में शिक्षा, खेल, प्रशासन, प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।

विप्र फाउंडेशन ज़ोन 1-डी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. हेमंत शर्मा ने बताया कि विप्र फाउंडेशन समाज की मेधावी एवं प्रतिभाशाली युवा शक्ति को पहचान, प्रोत्साहन और सम्मान का उपयुक्त मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। इसी उद्देश्य से जिला स्तरीय ब्राह्मण प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं होती। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ खेलकूद, संस्कृति, प्रशासनिक एवं प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

आयोजन समिति के अनुसार यह आयोजन केवल सम्मान प्रदान करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज की नई पीढ़ी को परिश्रम, लगन और उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करने का प्रयास है। सम्मानित होने वाली प्रतिभाएं आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगी।

समारोह में 1 सितम्बर 2025 से 30 सितम्बर 2026 के मध्य हासिल की गई उपलब्धियों के आधार पर सम्मान हेतु प्रविष्टियां स्वीकार की जाएंगी। कक्षा 8वीं में ए ग्रेड प्राप्त विद्यार्थी, कक्षा 10वीं एवं 12वीं में न्यूनतम 80 प्रतिशत अंक प्राप्त विद्यार्थी तथा स्नातक, स्नातकोत्तर एवं समकक्ष परीक्षाओं में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक प्राप्त विद्यार्थी इसके लिए पात्र होंगे।

एसटीसी, बी.एड. एवं बी.पी.एड. में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक प्राप्त अभ्यर्थियों को भी सम्मान के लिए पात्र माना जाएगा। नीट-यूजी एवं आईआईटी-जेईई के माध्यम से राजकीय अथवा निजी मेडिकल एवं इंजीनियरिंग महाविद्यालयों में चयनित विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

आईएएस, आईएफएस, आईआरएस, आरएएस, आरटीएस, आरजेएस, बैंक पीओ, सीए, एसएससी, आरपीएससी तथा सीधी भर्ती के माध्यम से चयनित अधिकारी एवं कर्मचारी भी सम्मान के लिए पात्र होंगे। इसके अलावा कैट, मैट, सीमैट में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त अभ्यर्थी, एमबीए एवं एमसीए में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले तथा पीएच.डी. धारक भी सम्मानित किए जाएंगे।

राष्ट्रीय, संभागीय एवं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेता, एनसीसी-सी प्रमाण-पत्र प्राप्त एवं एनडीए में चयनित अभ्यर्थी तथा राज्यपाल एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त स्काउट-गाइड भी सम्मान के दायरे में होंगे। प्रशासन द्वारा सम्मानित प्रतिभाओं के साथ 1 सितम्बर 2025 से 30 सितम्बर 2026 के मध्य सेवानिवृत्त हुए राजकीय कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

आयोजन समिति ने समाज की सभी पात्र प्रतिभाओं एवं उनके अभिभावकों से अपनी उपलब्धि से संबंधित प्रमाण-पत्रों की फोटोप्रति निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा कराने की अपील की है। प्रविष्टियां डी.एस. पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नसिया कॉलोनी, कुहू इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नसिया कॉलोनी, खादी भण्डार, हीरालाल की मिल के सामने, केशव विद्या मंदिर, सैनिक नगर, शर्मा चिकित्सालय, अमरगढ़िया भवन, सालोदा रोड, ब्राह्मण समाज धर्मशाला, महूकलां, सिद्धि विनायक कम्प्यूटर, ईदगाह मोड़, तिवाड़ी गैस एजेंसी, सालोदा रोड तथा वेदान्त क्लासेज, उदेई मोड़ पर जमा कराई जा सकती हैं।

प्रतिभाएं अपने प्रमाण-पत्रों की फोटोप्रति व्हाट्सऐप नंबर 8385005280 पर भी भेज सकती हैं। प्रविष्टि पर मोबाइल नंबर लिखना अनिवार्य है। प्रविष्टि जमा कराने की अंतिम तिथि 30 सितम्बर 2026 निर्धारित की गई है। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाली प्रविष्टियों पर विचार नहीं किया जाएगा।

विप्र फाउंडेशन ज़ोन 1-डी के जिलाध्यक्ष दिलीप तिवाड़ी एवं युवा जिलाध्यक्ष धनेश शर्मा ने समाज के सभी प्रबुद्धजनों, अभिभावकों, युवाओं एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों से अपनी उपलब्धियों को समाज के सामने लाने और इस गरिमामय समारोह का हिस्सा बनने का आह्वान किया है।

आयोजन समिति ने सभी समाजबंधुओं से अधिकाधिक प्रतिभाओं की प्रविष्टियां करवाने तथा 4 अक्टूबर 2026, रविवार को विजय पैलेस पहुंचकर प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। समिति के अनुसार एक प्रतिभा का सम्मान केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों के सपनों एवं संकल्प का सम्मान है।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story