गंगापुर सिटी: बिजासन खोहरी माता को अर्पित की 108 मीटर लंबी चुनरी
मां कैला देवी सेवा संस्थान के तत्वावधान में पुरुषोत्तम मास के तहत दो दिवसीय महोत्सव का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने विशाल शोभायात्रा निकाली।

गंगापुर सिटी में शुक्रवार को बिजासन खोहरी माता के दरबार में चुनरी यात्रा लेकर जाते नगर परिषद सभापति शिवरतन अग्रवाल (बाएं से आगे), मां कैला देवी सेवा संस्थान के अध्यक्ष दिनेश चंद (दाएं से आगे) और अन्य पदाधिकारी व श्रद्धालु।
गंगापुर सिटी में पुरुषोत्तम मास के शुक्रवार सप्तमी पर मां कैला देवी सेवा संस्थान के तत्वावधान में बिजासन खोहरी माता के दरबार में 108 मीटर लंबी विशाल चुनरी और ध्वजा अर्पित कर भव्य छप्पन भोग लगाया गया। धार्मिक आस्था, भक्ति और उत्साह से सराबोर इस आयोजन में गंगापुर सिटी क्षेत्र से हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंगल गीतों, जयकारों और भक्ति माहौल के बीच निकली विशाल चुनरी यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
कैला देवी मार्ग स्थित बिजासन माता के मुख्य द्वार से प्रातः 7:30 बजे विशाल चुनरी यात्रा का शुभारंभ हुआ। श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए, नाचते-गाते और मंगल गीत गाते हुए मंदिर की ओर रवाना हुए। यात्रा से पहले विशाल चुनरी और ध्वजा का विधिवत पूजन मां कैला देवी सेवा संस्थान के अध्यक्ष दिनेश चंद, कार्यक्रम संयोजक सुरेश गुप्ता टेंट वाले, नगर परिषद सभापति शिवरतन अग्रवाल, रमेश चंद तिवारी, वेद प्रकाश मंगल, नवल गुप्ता बैंक वाले, कैलाश चंद, राजेंद्र वैष्णव, राकेश मंगल, देवी चरण गर्ग, दिनेश रीडर, महेश नारोली, लक्ष्मण गुप्ता, महेश, रमेश परासोट, अशोक मंगल, रामकिशोर खंडेलवाल, देवकीनंदन महादेव और सतीश चंद्र सहित संस्थान कार्यकर्ताओं ने किया। इसके बाद चुनरी श्रद्धालुओं के हाथों में सौंपकर जयकारों के साथ शोभायात्रा मंदिर के लिए रवाना की गई।
महिला श्रद्धालुओं द्वारा गाए गए मंगल गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। विशाल चुनरी यात्रा ने धार्मिक और ऐतिहासिक शोभायात्रा का रूप ले लिया। मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने बिजासन खोहरी माता के दर्शन किए तथा सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करते हुए मनौतियां मांगीं। माता के दरबार में विशेष छप्पन भोग अर्पित किया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
इसके उपरांत श्रद्धालु कैला देवी ट्रस्ट आश्रम पहुंचे, जहां कन्या लांगुरा पूजन किया गया। आयोजन के दौरान 108 कन्याओं को भोजन कराया गया तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसादी का वितरण किया गया। धार्मिक परंपराओं और आस्था से जुड़े इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम संयोजक सुरेश चंद्र गुप्ता एवं गोपाल सोनी ने बताया कि दो दिवसीय महोत्सव के तहत शुक्रवार सप्तमी पर खोहरी माता का चुनरी महोत्सव और छप्पन भोग कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं अष्टमी शनिवार को कैला माता को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा तथा कैला देवी आश्रम में प्रातः 10 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन होगा। धार्मिक उल्लास और जनआस्था से जुड़े इस आयोजन ने गंगापुर सिटी क्षेत्र में भक्ति और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
