भारत विकास परिषद शाखा सुभाष ने संस्थापक सचिव डॉ. सूरज प्रकाश की जयंती के अवसर पर शनिवार सायं 6:00 बजे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेल मैदान, गंगापुर सिटी में नशा मुक्ति शपथ एवं हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूक करना रहा।

शाखा के सदस्य धनेश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद प्रकल्प प्रभारी राजेंद्र सारस्वत ने उपस्थित शाखा सदस्यों, नवयुवकों एवं नागरिकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए व्यापक जनजागरण करने का संकल्प भी कराया।

शपथ ग्रहण के उपरांत आयोजित हस्ताक्षर अभियान में बड़ी संख्या में युवाओं एवं उपस्थित नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशा मुक्ति के समर्थन में हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, संस्कारित जीवन अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर जनजागरण अभियान चलाने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष विजय सिंह मीना, सचिव के.के. मंगल, कोषाध्यक्ष जितेंद्र जैमिनी, प्रकल्प प्रभारी राजेंद्र सारस्वत, बालकृष्ण गुप्ता, सचिन शर्मा, धनेश शर्मा, सुरेंद्र सिंह राजपूत, वेदप्रकाश तिवाड़ी सहित शाखा के पदाधिकारी, सदस्य, अनेक नवयुवक एवं आमजन उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story