31 जुलाई को बाबा श्री श्याम मंदिर का तृतीय पाटोत्सव, 1100 दीपों की महाआरती और छप्पन भोग से सजेगा भक्ति महोत्सव
गंगापुर सिटी के कुशालगढ़ स्थित बाबा श्री श्याम मंदिर में 30-31 जुलाई को तृतीय पाटोत्सव होगा। 1100 दीपों की महाआरती, छप्पन भोग और संगीतमय सुंदरकांड आकर्षण रहेंगे।

गंगापुर सिटी के कुशालगढ़ स्थित बाबा श्री श्याम मंदिर में श्री श्याम सेवा धाम समिति (रजि.), गंगापुर सिटी के तत्वावधान में आगामी 30 एवं 31 जुलाई को तृतीय पाटोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय धार्मिक महोत्सव के दौरान विभिन्न आध्यात्मिक एवं धार्मिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्याम भक्तों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है।
समिति के कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार गोयल ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 30 जुलाई, गुरुवार को प्रातः 6:15 बजे श्री रामायण पाठ से होगी। इसके बाद पूरे दिन भक्तिमय वातावरण में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 31 जुलाई, शुक्रवार को प्रातः 6:15 बजे बाबा श्री श्याम का विधि-विधान से दिव्य मंत्रोच्चार के साथ पंचामृत अभिषेक, पूजन एवं पाठ किया जाएगा। इसके बाद बाबा का भव्य एवं अलौकिक श्रृंगार, आकर्षक फूल बंगला झांकी तथा छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था भी रहेगी।
इसी दिन प्रातः 8:15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-यज्ञ का आयोजन होगा, जिसमें मंदिर कमेटी के सदस्य आहुतियां देकर समाज की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। सायंकाल 7:15 बजे 1100 दीपकों की महाआरती आयोजित की जाएगी। इसके बाद संगीतमय सुंदरकांड पाठ होगा, जिसमें प्रसिद्ध भजनों एवं संगीतमय प्रस्तुतियों के माध्यम से संपूर्ण वातावरण भक्तिरस से सराबोर रहेगा।
समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र दुसाद ने बताया कि पाटोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कई दिनों से तैयारियों में जुटे हुए हैं। मंदिर परिसर की आकर्षक सजावट, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।
समिति ने समस्त श्याम भक्तों, धर्मप्रेमी नागरिकों एवं क्षेत्रवासियों से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर बाबा श्री श्याम के दर्शन, पूजा-अर्चना एवं धार्मिक आयोजनों का पुण्य लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है। कार्यक्रम के संयोजक सुरेश चंद गुप्ता, संजय ठीकरिया, दीपक सलेमपुर, दीपक गर्ग पेट्रोली एवं गोविंद मालधनी, सीताराम अग्रवाल, कमलेश खिरदर पुर, मनीष सांगवान, भगवान बैराड़ सहित समिति के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन धार्मिक आस्था, सामूहिक सहभागिता और भक्तिमय वातावरण का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
