गंगापुर सिटी अटल जनसेवा शिविर में 34 प्रकरणों पर कलक्टर ने दिए त्वरित निर्देश
गंगापुर सिटी पंचायत समिति में आयोजित अटल जनसेवा शिविर के दौरान जिला कलेक्टर काना राम ने आमजन की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा कर दिशा-निर्देश दिए।

गंगापुर सिटी में आयोजित ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों के साथ विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते जिला कलेक्टर काना राम एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी।
गंगापुर सिटी में आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान की दिशा में आयोजित अटल जनसेवा शिविर में जिला कलक्टर काना राम ने सख्त और स्पष्ट रुख अपनाते हुए विभिन्न जनहित से जुड़े मामलों पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यह शिविर पंचायत समिति गंगापुर सिटी में माह के द्वितीय गुरुवार को आयोजित हुआ, जिसमें आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना गया।
शिविर के दौरान आम रास्ता खुलवाने, अतिक्रमण हटवाने, पेंशन राशि के भुगतान, अघोषित बिजली कटौती, रेलवे स्टेशन के सामने कचरा पॉइंट हटाने, पट्टा जारी कराने तथा रेलवे अंडर लाइन से टापुर रोड तक सड़क निर्माण जैसे कुल 34 प्रकरण सामने आए। जिला कलक्टर ने सभी मामलों की गंभीरता से जांच कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही कलक्टर ने विभागीय अधिकारियों की बैठक लेते हुए ग्रामीण सेवा शिविर के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए विकास अधिकारी गंगापुर सिटी जगदीश गुर्जर को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से एचपीवी वैक्सीनेशन की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित लक्ष्यों को शीघ्र पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान रास्ता खोलो अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई, जिसमें रिकॉर्डेड रास्तों को तत्काल प्रभाव से खुलवाने के निर्देश दिए गए। वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों को बार-बार होने वाली विद्युत ट्रिपिंग की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर गंगापुर सिटी सुदर्शन सिंह तोमर, एसडीएम बृजेन्द्र मीना, विकास अधिकारी जगदीश गुर्जर, ब्लॉक सीएमएचओ सहित विद्युत, पीएचईडी और पीडब्ल्यूडी विभाग के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
