गंगापुर सिटी में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आर्य समाज के तत्वावधान में आगामी श्रावणी पर्व के पावन उपलक्ष्य में देवी स्टोर चौराहे के पास स्थित आर्य समाज मंदिर परिसर में 7 से 13 सितंबर तक भव्य ‘अथर्ववेद पारायण महायज्ञ’ का आयोजन किया जाएगा। सात दिवसीय इस विराट धार्मिक अनुष्ठान की रूपरेखा तय करने और आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से आर्य समाज मंदिर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से महायज्ञ के सफल संचालन के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं का विभाजन कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में बताया गया कि इस विशाल महायज्ञ में पानीपत के विख्यात आचार्य डॉ. सुश्रुत सामश्रमी यज्ञ के ब्रह्मा के रूप में वेदमंत्रों की दिव्य आहुतियां दिलाएंगे। वहीं, दिल्ली के प्रसिद्ध भजनोपदेशक डॉ. सतीश सत्यम् जी अपने सुमधुर भजनों और ओजस्वी विचारों से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक रसपान कराएंगे।

कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए श्रावणी पर्व कार्यक्रम संयोजक का दायित्व कछियालाल जी बजाज को सौंपा गया है। सह-संयोजक के रूप में ओमप्रकाश अग्रवाल (डाबरा वाले) और देवेन्द्र आर्य (कचौड़ी वाले) को जिम्मेदारी दी गई है। भोजन व्यवस्था का दायित्व आर्य महिला मंडल की प्रधान पुष्पा आर्य और मंत्री सुमन आर्य को सौंपा गया है, जबकि आवास व्यवस्था के लिए ओमप्रकाश (घी वाले) को नियुक्त किया गया है। यजमान व्यवस्था की जिम्मेदारी मंत्री संतोष कुमार आर्य (मसवाता वाले) को तथा यज्ञ एवं जल व्यवस्था का दायित्व मदनमोहन (मोबाईल वाले) को दिया गया है।

प्रसाद व्यवस्था के लिए जगदीश जी जीरोता वाले, कैलाश चंद मित्तल और सत्यप्रकाश सोनी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। माईक व्यवस्था का कार्य विश्वबन्धु आर्य को दिया गया है, जबकि सफाई व्यवस्था का जिम्मा आर्यवीर दल और वीरेन्द्र आर्य को सौंपा गया है। दुग्ध व्यवस्था का दायित्व संजय आर्य और मनोज आर्य को दिया गया है। कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं मीडिया की जिम्मेदारी सी.ए. अभिषेक बंसल और आशुतोष आर्य को सौंपी गई है।

महायज्ञ के सुचारू आर्थिक प्रबंधन के लिए एक वित्त समिति का भी गठन किया गया है। समिति में मदनमोहन गुप्ता को प्रधान, संतोष आर्य को मंत्री तथा कछियालाल बजाज को संयोजक बनाया गया है। ओमप्रकाश (डाबरा वाले) और देवेन्द्र आर्य (कचौड़ी वाले) को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। समिति में संजय आर्य, मनोज आर्य, विश्वबन्धु आर्य, सी.ए. अभिषेक बंसल, ओमप्रकाश (घी वाले), राजेश आर्य (गांगरदा), कृष्ण कुमार सोनी, रमेश जी, मदनमोहन (मोबाईल वाले) तथा नरेन्द्र आर्य सहित अन्य प्रमुख सदस्यों को शामिल किया गया है।

बैठक में महायज्ञ की सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूरा करने पर सहमति जताई गई। आयोजन समिति ने सात दिवसीय अथर्ववेद पारायण महायज्ञ को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियों का विभाजन करते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story