गंगापुर सिटी में अखिल राजस्थान महिला एवं बाल विकास संयुक्त कर्मचारी संघ (सीटू) के बैनर तले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा सहयोगिनियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। अपनी लंबित मांगों को लेकर कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम उपजिला कलेक्टर बृजेंद्र मीना को ज्ञापन सौंपते हुए 13 जुलाई को शहर में रैली निकालने की अनुमति भी मांगी है।

संघ की तहसील अध्यक्ष मीनाक्षी टेलर ने बताया कि राज्य स्तरीय आह्वान पर प्रदेशभर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं आशा सहयोगिनियां 8 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि कई बार ज्ञापन सौंपने और वार्ता होने के बावजूद सरकार ने उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है।

मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मानदेय में वृद्धि, लंबित मांगों का शीघ्र समाधान तथा अतिरिक्त कार्यभार कम करने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि 13 जुलाई को गंगापुर सिटी के प्रमुख मार्गों से शांतिपूर्ण रैली निकाली जाएगी, जिसके लिए प्रशासन से अनुमति मांगी गई है।

संघ ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। आंदोलन के अगले चरण को लेकर कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की आवश्यकता दोहराई।

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रभात शर्मा, शिमला शर्मा, दीक्षा शर्मा, गुड्डी शुक्ला, पिंकी, सीमा गुप्ता, सुमन गुर्जर, मनोहर देवी, सुनीता सेन, प्रमोद, कृष्णा देवी, समय बाई, रेखा मीणा, तारावती, सोनू, निर्मला बैरवा सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story