सवाई माधोपुर, 22 अप्रैल। गंगापुर सिटी के शहरी क्षेत्र स्थित विभिन्न राजकीय चिकित्सालयों में बुधवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर सुदर्शन सिंह ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति उजागर की। निरीक्षण के दौरान सामने आई गंभीर अनियमितताओं पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार सुनिश्चित करने और लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय में पंचकर्म सेवाओं हेतु स्टाफ की दक्षता में कमी पाई गई। साथ ही चिकित्सक एवं कार्मिक निर्धारित यूनिफॉर्म में नहीं मिले। शौचालयों पर ताले लगे होना, साफ-सफाई का अभाव और शौचालयों का अक्रियाशील होना गंभीर लापरवाही माना गया। खुले विद्युत तारों को उन्होंने बड़ा सुरक्षा जोखिम बताते हुए तत्काल दुरुस्तीकरण के निर्देश दिए।

राजकीय यूनानी चिकित्सालय में शौचालय अनुपयोगी स्थिति में पाए गए तथा स्थानाभाव की समस्या सामने आई। वहीं राजकीय होम्योपैथी चिकित्सालय में भवन आवंटन से संबंधित राजस्व अभिलेखों में कमी पाई गई, जिस पर संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में सुधार करने के निर्देश दिए गए।

शहरी पीएचसी, उदेई मोड़ में चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ यूनिफॉर्म नियमों का पालन करते नहीं मिले। ओपीडी स्लिप में रोग विवरण दर्ज नहीं था और औषधि वितरण के बाद प्राप्ति हस्ताक्षर नहीं लिए जा रहे थे, जिसे गंभीर लापरवाही माना गया। आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उस्मान कॉलोनी में कार्य समय के दौरान ताला लगा मिला, जिस पर एडीएम ने इसे अत्यंत गंभीर मानते हुए जिम्मेदार कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

अतिरिक्त जिला कलक्टर सुदर्शन सिंह ने स्पष्ट कहा कि सभी चिकित्सा संस्थानों में स्वच्छता, अनुशासन, रिकॉर्ड संधारण और सेवा गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए। भविष्य में ऐसी लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कार्मिकों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। सभी संस्थान प्रमुखों को नियमित निरीक्षण कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

फोटो कैप्शन: 22 पीआरओ 10 निरीक्षण के दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर लगे ताले को दिखाते अतिरिक्त जिला कलक्टर गंगापुर सिटी सुदर्शन सिंह तोमर।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story