गंगापुर सिटी में नालों के जाम होने और बिगड़ती सफाई व्यवस्था की लगातार शिकायतों के बीच नगर परिषद ने गुरुवार को कचहरी रोड पर विशेष सफाई अभियान चलाकर प्रशासनिक सक्रियता का प्रदर्शन किया। मिनी सचिवालय के सामने से शुरू हुआ यह अभियान सब्जी मंडी क्षेत्र तक जारी रहा, जहां नालों की गहन सफाई कर जमा कचरा और कीचड़ बाहर निकाला गया।

नगर परिषद के सफाई निरीक्षक पिंटू मीणा के नेतृत्व में सफाईकर्मियों की टीम ने अभियान को अंजाम दिया। इसी दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुदर्शन सिंह तोमर औचक निरीक्षण के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने सफाई कार्य का जायजा लेते हुए कर्मचारियों को नालों की गहराई तक सफाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एडीएम तोमर ने स्वयं फावड़ा उठाकर नाले से कचरा निकाला और कर्मचारियों को सफाई का सही तरीका भी समझाया। अधिकारियों को सफाई कार्य करते देख मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए। एडीएम ने निर्देश दिए कि नालों से निकाले गए कचरे को सूखने के बाद तुरंत उठाकर शहर से बाहर निस्तारित किया जाए, ताकि आसपास के दुकानदारों और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सफाई अभियान के बाद नालों में पानी की निकासी सुचारू हो गई, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिली। नगर परिषद ने शुक्रवार को निकाले गए कचरे को भी उठवा लिया। परिषद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर के अन्य हिस्सों में भी इसी प्रकार विशेष सफाई अभियान चलाए जाएंगे, जिससे सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जा सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story