सवाई माधोपुर, 22 अप्रैल। गंगापुर सिटी में चिकित्सा व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति उस समय सामने आई जब अतिरिक्त जिला कलक्टर गंगापुर सिटी सुदर्शन सिंह ने बुधवार को शहरी क्षेत्र के विभिन्न राजकीय चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाई गई गंभीर अनियमितताओं पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार सुनिश्चित करने तथा लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय में पंचकर्म सेवाओं हेतु स्टाफ की दक्षता में कमी सामने आई, वहीं चिकित्सक एवं कार्मिक निर्धारित यूनिफॉर्म में नहीं पाए गए। निरीक्षण के दौरान शौचालयों पर ताले लगे होना, साफ-सफाई का अभाव तथा शौचालयों का अक्रियाशील होना गंभीर स्थिति के रूप में सामने आया। इसके अलावा खुले विद्युत तार पाए जाने को एडीएम ने बड़ा सुरक्षा जोखिम मानते हुए तत्काल दुरुस्तीकरण के निर्देश दिए।

राजकीय यूनानी चिकित्सालय में शौचालय अनुपयोगी स्थिति में मिले और स्थानाभाव की समस्या भी उजागर हुई। वहीं राजकीय होम्योपैथी चिकित्सालय में भवन आवंटन से जुड़े राजस्व अभिलेखों में कमी पाई गई, जिस पर संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में सुधार के निर्देश दिए गए।

शहरी पीएचसी, उदेई मोड़ में चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा यूनिफॉर्म का पालन नहीं किया जाना, ओपीडी स्लिप में रोग विवरण का अभाव तथा औषधि वितरण के बाद प्राप्ति हस्ताक्षर नहीं लेना गंभीर लापरवाही के रूप में चिन्हित किया गया। इसी प्रकार आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उस्मान कॉलोनी में कार्य समय के दौरान ताला लगा पाया गया, जिसे अत्यंत गंभीर मानते हुए जिम्मेदार कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

अतिरिक्त जिला कलक्टर सुदर्शन सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी चिकित्सा संस्थानों में निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छता, अनुशासन, रिकॉर्ड संधारण एवं सेवा गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी संस्थान प्रमुखों को नियमित निरीक्षण कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

फोटो कैप्शन: 22 पीआरओ 10 निरीक्षण के दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर लगे ताले को दिखाते अतिरिक्त जिला कलक्टर गंगापुर सिटी सुदर्शन सिंह तोमर।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story