सवाई माधोपुर, 23 दिसम्बर 2025 | सरदार पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर देशभर में आयोजित कार्यक्रमों के तहत गंगा प्रवाह यूनिटी मार्च आज सवाई माधोपुर जिले में पहुँचा। इस ऐतिहासिक यात्रा का मुख्य स्वागत समारोह चौथ का बरवाड़ा तहसील क्षेत्र स्थित दिल्ली-मुंबई नेशनल हाईवे पर बने भगवतगढ़ रेस्ट हाउस पर आयोजित किया गया। भाजपा के सैकड़ों पदाधिकारी और स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का भव्य अभिनंदन किया और एकता एवं अखंडता का संदेश फैलाने के लिए सरदार पटेल के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

यात्रा दोपहर करीब 2:30 बजे भगवतगढ़ रेस्ट हाउस पहुँची, जहां भाजपा जिला अध्यक्ष मानसिंह गुर्जर और अन्य पदाधिकारियों ने सभी यात्रियों का स्वागत किया। प्रदेश संयोजक एवं विधायक जितेंद्र गोठवाल ने प्रत्येक यात्री को दुपट्टा पहनाकर सवाई माधोपुर की ओर से अभिनंदन किया। स्वागत समारोह के दौरान लोक कलाकारों ने राज्य की सांस्कृतिक विरासत से आगंतुकों को परिचित कराया और राजस्थान की लोक कथाओं और परंपराओं का आनंद यात्रियों को दिलाया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने सरदार पटेल के अद्वितीय योगदान और उनके द्वारा स्थापित एकता और अखंडता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश की एकता और विकास में सरदार पटेल की भूमिका हमेशा स्मरणीय रहेगी। प्रदेश संयोजक गोठवाल ने बताया कि सवाई माधोपुर जिले में चौथ का बरवाड़ा में जिला स्तरीय कार्यक्रम 17 नवंबर को आयोजित किया गया था और इसके अलावा अन्य कार्यक्रम भी सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं।

समारोह में खंडार प्रधान नरेंद्र सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेश जैन, मंडल अध्यक्ष बाबूलाल सैनी, भरत मथुरिया, पुष्पेंद्र, मनराज गुर्जर, बामनवास से राजेंद्र मीणा, मीरा सैनी, जिला महामंत्री बाबूलाल मीणा, जिला उपाध्यक्ष हरिओम गर्ग, विजय सिंह गुर्जर, सत्यनारायण धाकड़, कोषाध्यक्ष दीनदयाल अग्रवाल, विनोद अग्रवाल सहित भाजपा के अन्य बड़े पदाधिकारी एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। इसके अलावा राष्ट्रीय महामंत्री युवा मोर्चा रोहित चहल, प्रदेश महामंत्री नरेंद्र पिलानिया और प्रदेश उपाध्यक्ष घनश्याम गौतम सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

यात्रा के दौरान स्थानीय संस्कृति की झलक देखने को मिली। विधायक गोठवाल ने स्वयं वाद्य यंत्र बजाते हुए आगंतुकों का मनोरंजन किया। समारोह में उपस्थित लोगों ने सरदार पटेल एवं एकता के जयकारों के साथ यात्रा का स्वागत किया और ‘अनेकता में एकता’ की भावना का प्रदर्शन किया।

भोजन का आयोजन भी यात्रा में शामिल यात्रियों के लिए किया गया। दोपहर करीब 3:00 बजे राजस्थानी भोजन के बाद यात्रा दो घंटे रुकने के बाद आगे के लिए रवाना हुई। इस यात्रा ने केवल सरदार पटेल के आदर्शों को उजागर किया ही नहीं, बल्कि राजस्थान की सांस्कृतिक धरोहर और स्थानीय परंपराओं को भी राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story