सवाई माधोपुर, 10 नवंबर। जनजाति गौरव वर्ष के तहत भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर सवाई माधोपुर जिले में चिकित्सा विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। यह पहल आदिवासी समुदाय और ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि 11 नवंबर को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिलेभर के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में विशेष रूप से महिलाओं, खासकर आदिवासी महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। इसके लिए क्षेत्र की प्रसविकाओं और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को अधिकाधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

इसके साथ ही 12 नवंबर को खंड स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। गंगापुरसिटी खंड का शिविर जिला अस्पताल में तथा सवाई माधोपुर खंड का शिविर यूपीएचसी बजरिया परिसर में आयोजित किया जाएगा। इन शिविरों की व्यवस्थाओं को लेकर खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इन शिविरों में आने वाले रोगियों को निःशुल्क जांच और उपचार की सुविधा प्रदान की जाएगी। 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी रोगियों की एनसीडी स्क्रीनिंग एवं काउंसलिंग की जाएगी। इसके साथ टी.बी. मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता बढ़ाने और संभावित लक्षणों वाले रोगियों की स्क्रीनिंग व जांच की जाएगी। गर्भवती महिलाओं के एएनसी चेकअप और शिशुओं का टीकाकरण भी इन शिविरों का प्रमुख हिस्सा रहेगा।

खंड स्तरीय शिविरों से रेफर किए गए रोगियों को 15 नवंबर को जिला स्तरीय शिविर में उपचार प्रदान किया जाएगा, जो सवाई माधोपुर के सामान्य चिकित्सालय में आयोजित होगा।

बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर आयोजित ये चिकित्सा शिविर न केवल जनजातीय समाज के स्वास्थ्य सशक्तिकरण का प्रतीक हैं, बल्कि राज्य सरकार के ‘जनजाति गौरव वर्ष’ के संकल्प को भी साकार करने की दिशा में एक प्रेरक पहल साबित होंगे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story