सवाई माधोपुर, 6 नवम्बर।

जनजाति गौरव वर्ष के अंतर्गत भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में सवाई माधोपुर जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर महिलाओं, विशेषकर आदिवासी वर्ग की महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि 11 नवम्बर को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण आयोजित किया जाएगा। इस दिन क्षेत्र की प्रसाविकाओं और सीएचओ को अधिकाधिक महिलाओं की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके पश्चात 12 नवम्बर को खंड स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। गंगापुरसिटी खंड में यह शिविर जिला अस्पताल में तथा सवाई माधोपुर खंड का शिविर यूपीएचसी बजरिया परिसर में आयोजित किया जाएगा। इन शिविरों की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाओं की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश प्रदान किए गए हैं।

शिविरों में आने वाले रोगियों को निःशुल्क जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्तियों की एनसीडी स्क्रीनिंग एवं काउंसलिंग की जाएगी, साथ ही टी.बी. मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता बढ़ाने और संभावित रोगियों की पहचान एवं जांच भी की जाएगी। गर्भवती महिलाओं का एएनसी चेकअप, शिशुओं का टीकाकरण और आवश्यक परामर्श भी इन शिविरों का मुख्य हिस्सा रहेगा।

खंड स्तरीय शिविरों से चयनित रोगियों को आगे जिला स्तरीय शिविर में उपचार हेतु भेजा जाएगा। यह जिला स्तरीय शिविर 15 नवम्बर को सवाई माधोपुर के सामान्य चिकित्सालय परिसर में आयोजित होगा, जहां विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को परामर्श और आवश्यक उपचार प्रदान करेंगे।

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित यह अभियान न केवल जनजातीय समाज के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक सार्थक कदम है, बल्कि यह ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी एक प्रभावी प्रयास सिद्ध होगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story