सवाई माधोपुर के मुराडा वन क्षेत्र में बुधवार को नियमित गश्त के दौरान वन विभाग की टीम पर एक सनसनीखेज हमला हुआ, जिसने इलाके में तनाव और विभागीय आक्रोश दोनों को बढ़ा दिया। नाका टटवाड़ा के वनपाल दल के साथ गश्त कर रहे वनरक्षक हरि सिंह मीणा पर एक ग्रामीण द्वारा अचानक कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना उस समय हुई जब बीट इंचार्ज हरि सिंह मीणा ‘नेता की तलाई’ वृक्षारोपण क्षेत्र में पहुंचे, जहां उन्होंने ग्राम राखला की ढाणी मुराडा निवासी शिवराज योगी पुत्र कैलाश योगी को अवैध रूप से बकरियां चराते देखा। रोक-टोक के दौरान आरोपी ने मौका देखते ही घात लगाकर उन पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। हमले की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वनरक्षक के हाथ में फ्रैक्चर हो गया, उनके शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं और कपड़े खून से पूरी तरह भीग गए।

घायल वनरक्षक को रेंज स्टाफ की मदद से तुरंत सामान्य चिकित्सालय, गंगापुर सिटी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें 8 से 10 टांके लगाए और अन्य उपचार किया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के क्षेत्रीय वन अधिकारी द्वितीय, सूरेश गुर्जर ने पूरे मामले की पुष्टि की और इसे विभागीय कार्य के दौरान कर्मियों पर हुआ गंभीर हमला बताया।

वन विभाग ने आरोपी शिवराज योगी के खिलाफ थाना सदर, गंगापुर सिटी में एफआईआर दर्ज करवाई है। विभागीय अधिकारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि वन सुरक्षा में लगे कर्मचारियों पर हमला किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस हमले ने न केवल विभाग को झकझोर दिया है, बल्कि वन क्षेत्र में गश्त कर रहे कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला अब कानून के दायरे में है और विभाग उम्मीद कर रहा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story