सवाई माधोपुर, 20 नवम्बर। जिले में गुरुवार को मातृ शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण (एमसीएचएन) दिवस पर व्यापक टीकाकरण अभियान आयोजित किया गया, जिसमें गर्भवती महिलाओं और बच्चों को विभिन्न आवश्यक टीके लगाए गए। इस अवसर पर जिले के सभी प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों, शहरी स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनवाड़ी केंद्रों पर टीकाकरण सत्रों का आयोजन किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जैमिनी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य वंचित बच्चों और गर्भवती महिलाओं को समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करना तथा स्वास्थ्य और पोषण संबंधी जानकारी प्रदान करना था। सभी टीकाकरण सत्रों की प्रविष्टियां यूविन पोर्टल पर दर्ज की गईं।

गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण के साथ-साथ उनके गर्भावस्था की देखभाल, पोषण, संतुलित आहार, और समय पर एएनसी चेकअप कराने की जानकारी दी गई। बच्चों का वजन मापा गया और उन्हें आवश्यक टीके उपलब्ध कराए गए। साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव और पोषण संबंधी जागरूकता पर जोर दिया गया।

जिला और खंड स्तर के अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी द्वारा सत्रों का निरीक्षण किया गया और ओडीके एप पर प्रविष्टियां दर्ज की गईं। सत्रों में पाई गई कमियों का तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी वैक्सीनेटरों को योजना के अनुसार पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। आंगनवाड़ी केंद्रों पर साफ-सफाई, पूरक पोषाहार और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई।

डॉ. जैमिनी ने कहा कि आषाओं द्वारा की जाने वाली एचबीएनसी विजिट, ड्यू लिस्ट और परिवार कल्याण कार्यक्रमों के रजिस्टरों की नियमित जांच के माध्यम से रिकॉर्ड संधारण की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा रही है। इस पहल से जिले में मातृ और शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story