सवाई माधोपुर, 21 नवम्बर। जिला परिषद सवाई माधोपुर की साधारण सभा और जिला आयोजना समिति की बैठक शुक्रवार को जिला प्रमुख सुदामा देवी मीना की अध्यक्षता में जिला परिषद सभागार में आयोजित हुई। बैठक में पेयजल, बिजली, सड़क, चिकित्सा, शिक्षा, कृषि समेत जनजीवन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। विभागीय अधिकारियों को इन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए गए, ताकि ग्रामीण विकास और जनकल्याण को गति मिल सके।

जिला प्रमुख सुदामा देवी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दे सीधे आमजन की आवाज हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करें। बैठक में रणथम्भौर क्षेत्र से जुड़े पर्यटन एवं वन विभाग से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा हुई। विशेष रूप से त्रिनेत्र गणेश मार्ग पर जिले के बाहर के वाहनों को मंदिर तक पहुंचने की अनुमति, अवैध निर्माण पर रोक और होटल निर्माण नियमों के पालन जैसे विषय प्रमुख रहे।

सार्वजनिक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, निर्माणाधीन सड़कों में गति लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बिजली विभाग से ट्रांसफार्मर, लाइन शिफ्टिंग और कम वोल्टेज जैसी समस्याओं के शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई गई। शिक्षा क्षेत्र में विद्यालय भवनों की मरम्मत, बालिका छात्रावास में सुधार, शिक्षण संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और छात्राओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। कृषि कनेक्शन, अवैध बजरी खनन की रोकथाम, विज्ञान प्रयोगशाला निर्माण और गोतोड़-मित्रपुरा जीएसएस क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल करने जैसे मुद्दे भी बैठक में प्रमुख रहे।

जिला प्रमुख ने जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा जताई कि वे क्षेत्रीय समस्याओं को मजबूती से उठाते रहें और सभी विभाग योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुँचाएं। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करें, ताकि ग्रामीण विकास में तेजी आए।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया ने गत बैठक की पालना रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विभागवार प्रगति से सदन को अवगत कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनप्रतिनिधियों के निरंतर संपर्क में रहते हुए उनकी शिकायतों और मांगों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें।

बैठक में बामनवास विधायक इन्द्रा मीना, प्रधान देवपाल मीना, सदस्य सीमा बैरवा, सदस्य प्रेम प्रकाश शर्मा, बाबूलाल नानतोड़ी, हरदयाल जाटव, विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद मीना, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जैमिनी, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता बी.एल. मीना, पीएचईडी अधीक्षण अभियंता बी.एस. मीना, पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता हरिसिंह मीना सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Updated On
Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story