जयपुर/सवाई माधोपुर, 6 नवम्बर। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठाए हैं। इसी दिशा में प्रदेशभर में 4 से 18 नवम्बर तक 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की संख्या कम करना, नियमों का पालन सुनिश्चित करना और सड़क उपयोगकर्ताओं में जागरूकता बढ़ाना है।

अभियान के पहले दिन पुलिस विभाग ने प्रदेशभर में सख्त कार्रवाई करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसा। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, यातायात डॉ. बी.एल. मीना ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने पर 307, तेज गति से वाहन चलाने पर 2743, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 753, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर 178, बिना रिफ्लेक्टर वाहन चलाने पर 149 और बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने पर 529 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।

सड़क सुरक्षा अभियान के तहत 4 नवंबर को 15,618 सड़क उपयोगकर्ताओं को यातायात नियमों और सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक किया गया। इस दौरान लगभग 4,500 पुलिस कार्मिकों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया। प्रदेश के प्रमुख राजमार्गों पर एनएच-48 मॉडल के अनुरूप लेन ड्राइविंग सिस्टम लागू करने के प्रयास के तहत 135 पुलिस जाप्तों द्वारा प्रचार-प्रसार किया गया, जबकि 143 जाप्ते लेन ड्राइविंग नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए तैनात रहे। नियमों की अवहेलना करने वाले 49 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई।

वहीं, परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने अभियान के पहले और दूसरे दिन (4 व 5 नवम्बर) व्यापक कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले 2,758 वाहनों के चालान किए। इनमें मालवाहक वाहनों पर ओवरलोडिंग के 193, इन वाहनों में अतिरिक्त यात्री पाए जाने पर 85, और अन्य नियमों के उल्लंघन पर 1,819 चालान किए गए। यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक यात्री पाए जाने पर 42, छत पर सामान रखकर संचालन करने वाली 6 बसों तथा अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले 181 वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 83 व्यक्तियों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए गए, 7 वाहनों का परमिट रद्द किया गया और 116 वाहनों को सीज किया गया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राज्य में सड़क दुर्घटनाओं को रोकना, मृत्यु दर को कम करना, सड़क अधोसंरचना और आपातकालीन सहायता प्रणाली को मजबूत करना तथा सड़क उपयोगकर्ताओं में जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना बढ़ाना है। अभियान की यह शुरुआत न केवल सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को सुनिश्चित करने में सहायक होगी, बल्कि भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story