नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों के तहत मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम की अध्यक्षता में ईवीएम का प्रथम रेंडमाइजेशन सम्पन्न हुआ। इस दौरान सभी संबंधित रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने कहा कि ईवीएम का प्रथम रेंडमाइजेशन निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ईवीएम के सुरक्षित रख-रखाव तथा आगामी निर्वाचन संबंधी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रथम रेंडमाइजेशन के दौरान जिले के छह नगरीय निकायों के कुल 288 मतदान केन्द्रों के लिए ईवीएम का आवंटन किया गया। मतदान केन्द्रों की आवश्यकता एवं 20 प्रतिशत रिजर्व के प्रावधान के अनुसार कुल 347 बैलेट यूनिट एवं 347 कंट्रोल यूनिट आवंटित की गईं।

रेंडमाइजेशन के तहत नगर परिषद सवाई माधोपुर के 97 मतदान केन्द्रों के लिए 117 बैलेट यूनिट एवं 117 कंट्रोल यूनिट तथा नगर परिषद गंगापुर सिटी के 96 मतदान केन्द्रों के लिए 116 बैलेट यूनिट एवं 116 कंट्रोल यूनिट आवंटित की गईं।

इसी प्रकार नगरपालिका बामनवास के 20 मतदान केन्द्रों के लिए 24-24, बौंली के 25 मतदान केन्द्रों के लिए 30-30, खण्डार के 25 मतदान केन्द्रों के लिए 30-30 तथा वजीरपुर के 25 मतदान केन्द्रों के लिए 30-30 बैलेट यूनिट एवं कंट्रोल यूनिट आवंटित की गईं।

इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा, आरओ सवाई माधोपुर मांगीलाल, आरओ बौंली राजेश कुमार मीना, आरओ गंगापुर सिटी विनोद कुमार, प्रदेश सचिव कांग्रेस आरपी मीना, जिला सचिव सीपीएम रामगोपाल गुणसरिया तथा भारतीय जनता पार्टी से मुरली गौतम सहित अन्य उपस्थित रहे।

नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए प्रथम रेंडमाइजेशन के माध्यम से 288 मतदान केन्द्रों के लिए ईवीएम का आवंटन किया गया है। निर्धारित आवश्यकता के साथ 20 प्रतिशत रिजर्व के प्रावधान के तहत 347 बैलेट यूनिट और 347 कंट्रोल यूनिट आवंटित किए जाने से चुनावी तैयारियों की प्रक्रिया आगे बढ़ी है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story