गंगापुर सिटी। दिनांक 28 मई 2026, गुरुवार को गंगापुर सिटी में ईदुल-अजहा का पर्व अकीदत और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष नमाज का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों अकीदतमंदों ने शिरकत की। सुबह 7:45 बजे ईदगाह में शहर काजी शाहिद अली ने ईदुल-अजहा की नमाज अदा कराई। इसी प्रकार, नई बस्ती स्थित चूली की बगीची में भी परंपरा का निर्वहन करते हुए सुबह 7:30 बजे ईद की नमाज अदा की गई, जहां कारी अरशद साहब ने इबादत संपन्न कराई।

चूली की बगीची ईदगाह पर पिछले कई वर्षों से नमाज अदा करने का सिलसिला निरंतर जारी है, जिसमें इस वर्ष भी हजारों की संख्या में लोगों ने उपस्थिति दर्ज कराई। नमाज के पश्चात अल्लाह की बारगाह में हाथ उठाकर प्रदेश में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की विशेष दुआएं मांगी गईं। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश प्रसारित किया। इस अवसर पर ईदगाह कमेटी द्वारा शरबत की व्यवस्था की गई थी।

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अकबर खान, नफीस मोहम्मद, रहीस मोहम्मद, निशार अहमद, जावेद, शाहिद टीटी, अशफाक, ख़य्यूम हुसैन, आमिर हुसैन, सल्ला भाई, नदीम भाई लोको पायलट, अनीस भाई, अमीर भाई साउंड वाले सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। गंगापुर सिटी के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी ईद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, जिसने आपसी सौहार्द और एकता की मिसाल कायम की।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story