सवाई माधोपुर, 3 दिसंबर। प्रदेश में स्वस्थ और पौष्टिक आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ईट राइट इंडिया अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में विशेष सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में बच्चों को मोटे अनाज और पौष्टिक भोजन के महत्व के साथ-साथ जंक फूड के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जैमिनी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशानुसार जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश पूर्विया और नितेश गौतम ने रीजनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, उच्च माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर विवेकानंदपुरम, राजकीय विद्यालय हिम्मतपुरा और राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल नयापुरा में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता सत्र आयोजित किए।

सत्र के दौरान बच्चों को गुड फ़ूड और बैड फ़ूड के अंतर, जंक फ़ूड के शरीर पर दुष्प्रभाव, स्वस्थ भोजन की आदतों और दैनिक आहार में पोषक तत्वों के महत्व के बारे में सरल और रोचक तरीके से समझाया गया। स्कूल के निदेशक और प्रधानाचार्यों के मार्गदर्शन में बच्चों को पीपीटी, चार्ट, भाषण और कविताओं के माध्यम से ज्ञान साझा किया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बच्चों को यह भी बताया कि पैकेज्ड खाद्य पदार्थ खरीदते समय हमेशा फूड लेबल, एक्सपायरी डेट और एफएसएसएआई मार्क की जांच करें। इसके साथ ही घर में ताजा भोजन, हरी सब्जियां, फल और मिलेट्स आधारित व्यंजन का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस पहल से न केवल बच्चों में स्वास्थ्यवर्धक आहार के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि भविष्य में उनके पोषण और जीवनशैली में सुधार की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। ईट राइट इंडिया अभियान ने जिले के स्कूलों में स्वस्थ भोजन के महत्व को एक नए आयाम पर पहुँचाया।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story