डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना: सवाई माधोपुर में बीपीओ, स्टेडियम और ईको ट्यूरिज्म विकास के प्रस्ताव तैयार होंगे
सवाई माधोपुर में जिला उत्थान योजना की समीक्षा बैठक में ग्रामीण महिला बीपीओ, खेल स्टेडियम, ईको ट्यूरिज्म और जैविक सब्जी मार्केट सहित कई विकास प्रस्तावों पर अहम निर्देश दिए गए।

जिला कलक्टर काना राम ने अधिकारियों को जिला मुख्यालय पर ग्रामीण महिला बीपीओ, खण्डार में यूथ रिसोर्स सेंटर तथा गंगापुर सिटी और मलारना डूंगर में खेल स्टेडियमों के विकास के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
जिला कलक्टर शुक्रवार को नगरीय विकास, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक के दौरान उन्होंने जिला मुख्यालय पर वन क्षेत्र में झूमर बावड़ी तक सड़क के विकास, पर्यटकों के लिए चौपाटी तथा कृषि एवं कृषि विपणन विभागों की ओर से जैविक सब्जी मार्केट विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने का सुझाव दिया।
काना राम ने कहा कि पुलिस लाइन स्टेडियम के मरम्मत कार्यों के साथ-साथ गंगापुर सिटी और मलारना डूंगर में खेल स्टेडियमों का विकास किया जाना है। इसके साथ ही जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में प्राकृतिक पारिस्थितिकी पर्यटन (ईको ट्यूरिज्म ट्रेल) के विकास की संभावनाएं तलाशने तथा महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक उन्नति के लिए उनके हस्तनिर्मित उत्पादों की बिक्री हेतु राजीविका मूविंग मार्ट के विकास की योजना तैयार करने के भी निर्देश दिए।
बैठक के अंत में जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के तहत प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति के लिए सभी प्रस्ताव राज्य सरकार को जल्द से जल्द भिजवाए जाएं, ताकि प्रस्तावित विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
