सवाई माधोपुर, 3 नवंबर। राजस्थान सरकार के कृषि, उद्यानिकी, ग्रामीण विकास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीना ने सोमवार को सवाई माधोपुर में आयोजित एक सादे लेकिन सार्थक कार्यक्रम के दौरान जनता से अपील की कि वे नकली खाद, मावा, घी और अन्य मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ राज्य सरकार के अभियान में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि मिलावटखोर जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं, जिन्हें रोकने में आम लोगों की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। मंत्री ने नागरिकों से अपील की कि ऐसी फैक्ट्रियों की पहचान कर प्रशासन को सूचित करें ताकि छापामारी और कार्रवाई को प्रभावी बनाया जा सके।

डॉ. मीना अपने जन्मदिवस के अवसर पर सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय स्थित पंचायत समिति परिसर में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं द्वारा संचालित “दीदी की कैन्टीन” का शुभारंभ किया और निर्धन परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ‘सुई धागा अभियान’ की शुरुआत की। इस योजना के तहत जिले के चिन्हित परिवारों को निःशुल्क सिलाई मशीनें प्रदान की जाएंगी और सिलाई प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार सृजन का मार्ग प्रशस्त किया जाएगा। डॉ. मीना ने स्वयं पांच लाभार्थियों को सिलाई मशीनें भेंट कर अभियान की शुरुआत की।

कृषि मंत्री ने पंचायत समिति परिसर में टिनशेड, इंटरलॉकिंग टाइल्स और शौचालय निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही भारत निर्माण केंद्र में मरम्मत और सीसी रोड निर्माण कार्यों की सौगात भी दी।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. मीना ने हाल ही में हुई दो सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं के चलते उन्होंने अपने जन्मदिवस पर किसी भी प्रकार के भव्य आयोजन से परहेज किया और सादगी को प्राथमिकता दी। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि हादसों में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा को शांति मिले और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो।

सादे लेकिन प्रभावी समारोह में मंत्री ने जिले को करोड़ों की विकास सौगात दी। उन्होंने 107 करोड़ रुपये की लागत से 63 किलोमीटर लंबाई वाली सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का शिलान्यास और लगभग 32 करोड़ रुपये की लागत से 15 किलोमीटर लंबी सड़कों के सुदृढ़ीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। ये कार्य राज्य बजट 2025–26 में स्वीकृत परियोजनाओं का हिस्सा हैं।

डॉ. मीना ने ईसरदा-दौसा पेयजल परियोजना के तहत मलारना डूंगर तहसील के 61 गांवों को पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मलारना डूंगर और रसूलपुरा में दो पंप हाउस निर्माण की घोषणा की। इस योजना की अनुमानित लागत 70 करोड़ रुपये है, जिसके अंतर्गत 11 ग्रामों में उच्च जलाशय और लगभग 300 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जाएगी ताकि हर घर जल योजना के तहत 13,977 जल कनेक्शन दिए जा सकें।

इसके साथ ही नगर परिषद सवाई माधोपुर द्वारा प्रस्तावित लटिया नाले की सुरक्षा दीवार, हम्मीर सर्किल के सौंदर्यकरण, 15 करोड़ रुपये से टाउन हॉल निर्माण और 19 लाख रुपये से श्री राधाकृष्ण पुस्तकालय एवं वाचनालय में नए कमरों के निर्माण कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।

इस अवसर पर जिला प्रमुख सुदामा मीना, पंचायत समिति प्रधान सविता मीना, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, पूर्व उपसभापति राजेश गोयल, विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story