सवाई माधोपुर, 30 जुलाई। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केंद्र के तत्वावधान में गुरुवार को जिला स्तरीय माय भारत नशा मुक्ति प्रतियोगिताओं का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा व्यसनमुक्त, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर काना राम ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ सबसे प्रभावी लड़ाई जागरूकता की है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति जन्म से नशेड़ी नहीं होता, इसलिए नशे की शुरुआत कभी नहीं करनी चाहिए। एक सही निर्णय जीवन बदल सकता है।

जिला कलक्टर ने विद्यार्थियों और युवाओं से कविता, नुक्कड़ नाटक, संगीत, चित्रकला, लघु फिल्म तथा अन्य रचनात्मक माध्यमों के जरिए नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि “Say No to Drugs, Say Yes to Life” केवल एक नारा नहीं, बल्कि स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। साथ ही अभिभावकों से बच्चों के व्यवहार पर सतत निगरानी रखने और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का आग्रह किया।

उन्होंने बताया कि नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्तियों की सहायता के लिए टोल फ्री टेली-मानस हेल्पलाइन 1933 संचालित है। उन्होंने कहा कि नशा एक गंभीर बीमारी है, जिसका समय पर परामर्श, उपचार और पुनर्वास संभव है। ऐसे व्यक्तियों को सामाजिक सहयोग और उपचार के माध्यम से मुख्यधारा में वापस लाने का प्रयास किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने “विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा” संकल्प के तहत नशा नहीं करने, अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने तथा स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण में योगदान देने की शपथ ली।

प्रतियोगिताओं का आयोजन सामूहिक नृत्य, नुक्कड़ नाटक, काव्य पाठ, वाद-विवाद, सामूहिक संगीत, चित्रकला, शॉर्ट फिल्म और नारे लेखन सहित आठ विधाओं में किया गया। सामूहिक नृत्य में देवनारायण छात्रावास की टीम, नुक्कड़ नाटक में केंद्रीय विद्यालय की टीम, काव्य पाठ में प्रिया प्रजापति, वाद-विवाद में पायल मीना, सामूहिक संगीत में गवर्नमेंट पीजी कॉलेज की टीम, चित्रकला में अक्षिता टटवाल, शॉर्ट फिल्म में पवन सीधानिया तथा नारे लेखन में तनु जादोन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

जिला कलक्टर काना राम ने सभी विजेताओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे जिले का उत्कृष्ट प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें।

कार्यक्रम के अंत में जिला युवा अधिकारी ने सभी अतिथियों, निर्णायकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया तथा युवाओं से माय भारत पोर्टल पर अधिकाधिक संख्या में ऑनलाइन नशा मुक्ति शपथ लेने का आह्वान किया। साथ ही 2 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित नशा मुक्ति संदेश से अधिकाधिक युवाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और आमजन को जुड़ने की अपील की गई।

कार्यक्रम में माय भारत युवा अधिकारी हर्षित खंडेलवाल, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक दिनेश कुमार गुप्ता, कार्यक्रम अधिकारी समग्र शिक्षा हेमराज मीणा, स्कूली शिक्षा विभाग, कॉलेज शिक्षा विभाग, पॉलिटेक्निक कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय, आदर्श विद्या मंदिर भगवतगढ़ सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के अधिकारी, कर्मचारी, माय भारत वॉलंटियर्स और बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने युवाओं को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी से मजबूत बनाने का संदेश दिया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story