सवाई माधोपुर, 2 दिसंबर। जिले में वित्तीय जागरूकता और नागरिकों के अनक्लेम्ड फाइनेंशियल एसेट्स के समाधान को लेकर बड़ा कदम उठाया जा रहा है। जिला प्रशासन और अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में ‘आपकी पूंजी आपका अधिकार’ अभियान के अंतर्गत 5 दिसंबर को रणथम्भौर गार्डन में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को उनके बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों, शेयर, डिविडेंट और म्यूचुअल फंड में पड़ी असीमिक या अनक्लेम्ड राशि की जानकारी उपलब्ध कराना और इसे क्लेम करने की प्रक्रिया समझाना है। कार्यक्रम में जिले के सभी प्रमुख बैंक, बीमा कंपनियां, म्यूचुअल फंड कंपनियों के प्रतिनिधि, आरबीआई और राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के सदस्य उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि भी इस कार्यक्रम में शामिल होकर जनता को मार्गदर्शन देंगे।

जिला अग्रणी प्रबंधक प्रदीप कुमार ने बताया कि दावेदारों को अपने केवाईसी दस्तावेज़ जैसे पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या मनरेगा कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। दिवंगत खाताधारक के मामले में मृत्यु प्रमाण पत्र, वारिसनामा और एक फोटो प्रस्तुत करना आवश्यक होगा।

सवाई माधोपुर जिले में विभिन्न बैंकों में लगभग 1.06 लाख खातों में कुल 27.16 करोड़ रुपये की राशि पिछले दस वर्षों से निष्क्रिय होने के कारण भारतीय रिजर्व बैंक के डेपॉजिटर एजुकेशन एंड अवेयरनेस फंड में स्थानांतरित हो चुकी है। यह राशि अब भी खाता धारकों और उनके आश्रितों द्वारा दावेदारी प्रस्तुत करने पर प्राप्त की जा सकती है।

इस पहल से न केवल नागरिकों की वित्तीय संपत्ति सुरक्षित होगी, बल्कि लोगों में वित्तीय जागरूकता भी बढ़ेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रम वित्तीय साक्षरता और नागरिक अधिकारों की जानकारी को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story