सवाई माधोपुर, 3 दिसंबर। अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सवाई माधोपुर की ओर से बुधवार को सरस्वती विद्या आश्रम महाविद्यालय, कुस्तला में एक समर्पित और ज्ञानवर्धक सेमिनार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग व्यक्तियों के कानूनी अधिकारों, नालसा योजना 2024 के तहत उपलब्ध निःशुल्क विधिक सेवाओं, तथा सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के प्रति जागरूकता फैलाना था।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव समीक्षा गौतम ने इस अवसर पर पैनल अधिवक्ताओं और अधिकार मित्रों के साथ उपस्थित छात्रों व महाविद्यालय स्टाफ को दिव्यांग व्यक्तियों के कानूनी अधिकारों, मानसिक रूप से असक्षम एवं बौद्धिक रूप से असक्षम व्यक्तियों के लिए नालसा योजना के लाभों, और “न्याय आपके द्वार-लोक उपयोगिता समस्याओं का सुलभ एवं त्वरित समाधान अभियान” के माध्यम से बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, बैंक, बीमा एवं परिवहन जैसी सेवाओं में आने वाली शिकायतों के निवारण के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में अधिकार मित्र सुनिता जोनवाल ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली और गतिविधियों पर प्रकाश डाला, जबकि पैनल अधिवक्ता तपेश जैन ने राष्ट्रीय लोक अदालत और राजस्थान पीड़ित प्रतिकर योजना से जुड़े कानूनी पहलुओं पर जानकारी साझा की। पैनल अधिवक्ता नंदकिशोर बैरवा ने दिव्यांग बच्चों के अधिकारों, उनके साथ भेदभाव और अनुचित व्यवहार पर कानूनी प्रावधानों पर प्रकाश डाला। डिप्टी एलएडीसी वीरेन्द्र सिंह राजावत और असिस्टेंट एलएडीसी अक्षय सिंह राजावत ने दिव्यांग व्यक्तियों को मिलने वाली विशेष योजनाओं, उनके सामने आने वाली चुनौतियों और समाधान के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के माध्यम से प्राप्त सहायता की जानकारी भी दी गई।

महाविद्यालय स्टाफ ने संस्थान की गतिविधियों और महाविद्यालय के परिचय से संबंधित जानकारी साझा की। दिव्यांग बच्चों के कानूनी अधिकारों पर आधारित वीडियो क्लिप का प्रदर्शन किया गया। छात्राओं ने कविता वाचन, मोटिवेशनल स्पीच और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बच्चों का उत्साहवर्धन किया, वहीं दिव्यांग बच्चों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की डायरेक्टर मंजू शर्मा, असिस्टेंट डायरेक्टर हेमलता शर्मा, प्रधानाचार्य रवि शर्मा, विशेष समन्वयक विवेक यादव, विशेष शिक्षक कुलदीप योगी और गोपेश भारद्वाज सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। इस सेमिनार ने दिव्यांग व्यक्तियों के अधिकारों और उपलब्ध सेवाओं को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story