सवाई माधोपुर, 11 नवम्बर।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर काना राम ने मंगलवार को सवाई माधोपुर विधानसभा क्षेत्र के खिरनी तथा बामनवास विधानसभा के बौंली नगरपालिका क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर-2026) के अंतर्गत मतदाताओं के परिगणना प्रपत्र वितरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से बैठक कर कार्य की प्रगति, फॉर्म वितरण एवं ऑनलाइन मैपिंग की स्थिति की समीक्षा की।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप जिले में 4 दिसंबर तक चल रहे इस विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से परिगणना प्रपत्र भरवाने का कार्य कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने खिरनी और बौंली क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रों का दौरा किया और धरातल पर एसआईआर अभियान की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने बीएलओ से संवाद करते हुए कहा कि “हर मतदाता तक सही और अद्यतन जानकारी पहुंचाना लोकतंत्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।” उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक बीएलओ अपने क्षेत्र में जाकर मतदाताओं को नाम जोड़ने, संशोधन कराने और विलोपन की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें, ताकि मतदाता सूची पूर्ण रूप से सटीक और पारदर्शी रहे।

काना राम ने उपस्थित बीएलओ को परिगणना प्रपत्र भरवाने, रंगीन फोटोग्राफ उपलब्ध कराने तथा परिवार के प्रत्येक सदस्य की सही जानकारी अंकित करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सवाई माधोपुर विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 46 से 51 और बामनवास विधानसभा के भाग संख्या 55 से 63 में फॉर्म वितरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए दो दिवस में शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही, सभी बीएलओ को ऑनलाइन मैपिंग कार्य शीघ्र पूर्ण करने के लिए भी कहा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध रूप से संपन्न किया जाना आवश्यक है। उन्होंने बीएलओ और सुपरवाइजरों को चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की उदासीनता या अरुचि पाए जाने पर कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाताओं की मैपिंग, प्रपत्र वितरण, सूचना संकलन एवं संग्रहण कार्य को चरणबद्ध रूप से और निरंतरता के साथ संचालित किया जाए, ताकि जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण का लक्ष्य समय पर और गुणवत्तापूर्ण रूप से पूरा हो सके।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी का यह संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया कि लोकतंत्र की नींव मजबूत करने के लिए हर मतदाता का सही पंजीकरण और सहभागिता अनिवार्य है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story