सवाई माधोपुर में शिक्षा अधिकारी का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर दिए सख्त निर्देश
सवाई माधोपुर में जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक श्रीदेवी लाल मीणा ने विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। लाडो योजना, पौधारोपण, जिओ टेकिंग, नामांकन और शिक्षण व्यवस्था में मिली कमियों पर सख्त निर्देश दिए गए।

तस्वीर में सवाई माधोपुर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रामगढ़ मुराडा में जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक और संस्था प्रधान बैठक के दौरान चर्चा करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
4 अगस्त को श्रीदेवी लाल मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक सवाई माधोपुर द्वारा जिले के विभिन्न विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था, योजनाओं की प्रगति, पौधारोपण, जिओ टेकिंग, नामांकन स्थिति सहित कई बिंदुओं की समीक्षा की गई और जहां कमियां मिलीं, वहां सुधार के निर्देश दिए गए।
जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक सबसे पहले राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मालियों की चौकी अमरगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर की जांच की। इसके बाद विद्यालय की आईसीटी लैब का अवलोकन किया, जहां डिजिटल माध्यम से शिक्षण कार्य कराया जा रहा था। बच्चे भी डिजिटल शिक्षण में रुचि लेकर अध्ययन करते मिले।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया। विद्यालय में लगाए गए पौधों की जिओ टेकिंग तथा माय भारत पोर्टल पर युवाओं के रजिस्ट्रेशन की प्रगति बेहतर पाई गई। इसके साथ ही लाडो योजना में भी प्रधानाचार्य द्वारा अच्छा कार्य किया गया, जिस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाचार्य को धन्यवाद दिया।
इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रामगढ़ मुराडा पहुंचे। यहां पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी के अंतर्गत आने वाले 10 विद्यालयों के संस्था प्रधानों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लाडो योजना, माय भारत पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन, पौधारोपण एवं उनकी जिओ ट्रैकिंग, जर्जर भवन, शिक्षण व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं पर प्रत्येक संस्था प्रधान से विस्तार से चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान रामगढ़ मुराडा विद्यालय में लगाए गए पौधों की जिओ टेकिंग बहुत कम पाई गई। इस पर प्रधानाचार्य को सभी लगाए गए पौधों की जियोटेगिंग करवाने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्यालय में पिछले वर्ष की तुलना में नामांकन 10 प्रतिशत कम मिलने पर संस्था प्रधान और स्टाफ को निर्देशित किया गया कि जिले में पिछले तीन-चार वर्षों के बाद नामांकन में वृद्धि हुई है, इसके बावजूद इस विद्यालय में नामांकन में 10 प्रतिशत गिरावट होना गंभीर विषय है। उन्होंने नामांकन बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में सामने आया कि तालवृक्ष ढाणी रामगढ़ मुराडा में 13 छात्राएं तथा बाढ़ गुवाडी में 8 छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन दोनों विद्यालयों के संस्था प्रधानों द्वारा एक भी पात्र बच्ची का लाडो योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन नहीं करवाया गया। जबकि यह योजना राज्य सरकार की फ्लैगशिप स्कीम में शामिल है। इस पर पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी को दोनों संस्था प्रधानों को नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए और सात दिवस में पात्र बच्चियों के आवेदन करवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विभागीय नियमों के अनुसार पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी के अधीन आने वाले सभी विद्यालयों के संस्था प्रधानों की हर माह बैठक होना आवश्यक है। जानकारी लेने पर पाया गया कि जुलाई माह से संस्था प्रधानों की बैठक पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी द्वारा आयोजित नहीं की गई, जिसके कारण विभागीय निर्देश सही तरीके से संस्था प्रधानों तक नहीं पहुंच पाए। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी को सख्त निर्देश दिए कि प्रत्येक माह अधीनस्थ विद्यालयों के संस्था प्रधानों की बैठक आयोजित कर विभागीय योजनाओं की समीक्षा करें और जहां भी कमी मिले, वहां आवश्यक सुधार के निर्देश दें।
निरीक्षण के अंतिम चरण में जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक प्राथमिक विद्यालय अलीगंज पहुंचे। यहां प्रधानाध्यापिका विद्यालय के मूवमेंट रजिस्टर में बिना किसी प्रविष्टि किए और पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी को जानकारी दिए बिना विद्यालय से अनुपस्थित मिलीं। उन्हें विद्यालय बुलाया गया और भविष्य में बिना मूवमेंट रजिस्टर में इंद्राज किए विद्यालय नहीं छोड़ने के लिए पाबंद किया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक सवाई माधोपुर के इस आकस्मिक निरीक्षण में विद्यालयों की व्यवस्थाओं, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक अनुशासन को लेकर गंभीरता से समीक्षा की गई तथा कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों और संस्था प्रधानों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
