24 अगस्त 2026 को श्री देवी लाल मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक एवं अतिरिक्त चार्ज सीडीओ ने राउमावि आलनपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। बरसात के कारण विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति थोड़ी कम रही। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हाल ही में कार्यभार ग्रहण करने वाले प्रधानाचार्य श्री राजेश शर्मा के साथ सभी कक्षाओं का अवलोकन किया।

कक्षा 9 में वरिष्ठ अध्यापिका श्रीमती मीना शर्मा द्वारा संस्कृत विषय का शिक्षण कार्य कराया जा रहा था। जिला शिक्षा अधिकारी ने कक्षा में छात्राओं और छात्रों से संस्कृत विषय के शैक्षणिक स्तर की जांच की तथा उन्हें मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण में छात्रों का शैक्षणिक स्तर अच्छा पाया गया। विद्यालय में नामांकन भी पिछले वर्षों की तुलना में बढ़ा है।

इसके बाद लाडो योजना की प्रभारी के साथ योजना की समीक्षा की गई। समीक्षा में लाडो योजना की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। इस पर प्रधानाचार्य को 15 दिवस का समय दिया गया और राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजना में शामिल लाडो योजना में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए। जिन छात्राओं के आवेदन अभी नहीं करवाए गए हैं, उनके आवश्यक दस्तावेज 15 दिवस में प्राप्त कर आवेदन करवाने के लिए पाबंद किया गया।

निरीक्षण के दौरान शारीरिक शिक्षिका को बुलाकर छात्राओं को नियमित रूप से जूडो और कराटे की ट्रेनिंग देने के निर्देश दिए गए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर छात्राएं अपनी रक्षा स्वयं कर सकें। इसके साथ ही छात्राओं को नियमित रूप से गुड टच और बैड टच की जानकारी देने के लिए भी निर्देशित किया गया।

सरकार द्वारा चलाए जा रहे HVP वैक्सीनेशन की भी समीक्षा की गई। 14 से 15 वर्ष की आयु की छात्राओं को लगाए जाने वाले इस टीके का विद्यालय में अब तक किसी भी एक बच्ची को टीका नहीं लगाया गया था। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने गहरी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने संस्था प्रधान को छात्राओं के अभिभावकों से सहमति प्राप्त कर यह कार्य अति शीघ्र करवाने के निर्देश दिए।

इंस्पायर अवार्ड के तहत विद्यालय द्वारा छात्रों का रजिस्ट्रेशन करवाया जा चुका है। इस पर संस्था प्रधान एवं प्रभारी को बधाई दी गई।

जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाचार्य श्री राजेश शर्मा के मेहनती होने का उल्लेख करते हुए उनसे उम्मीद जताई कि उनके आने का असर विद्यालय पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने संस्था प्रधान को सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं पर प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में शैक्षणिक स्तर और नामांकन की स्थिति संतोषजनक मिलने के साथ लाडो योजना और HVP वैक्सीनेशन में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story