जनसेवाओं में देरी पर सख्त जिला कलक्टर, 7 दिन में निस्तारण के निर्देश
सवाई माधोपुर में जिला कलक्टर की अध्यक्षता में हुई बैठक, अधिकारियों को 7 दिन में जन शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए गए।

सवाई माधोपुर कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक लेते जिला कलक्टर काना राम।
सवाई माधोपुर, 5 अक्टूबर। जनसेवाओं और शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर जिला कलक्टर काना राम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें बिजली, पानी, स्वास्थ्य, सफाई सहित आमजन से जुड़ी सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की गई।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को बिजली, पानी, स्वास्थ्य एवं सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं समयबद्ध उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने राजकीय कार्मिकों का डाटा ईएमएस पोर्टल पर अपडेट करने तथा संपर्क पोर्टल एवं जन शिकायतों से जुड़े प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
पंचायतीराज आम चुनाव के तहत लागू आदर्श आचार संहिता को लेकर जिला कलक्टर ने राजकीय अधिकारियों और कार्मिकों को किसी भी राजनैतिक गतिविधि में शामिल नहीं होने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को राजकीय कार्यालयों में सरकारी योजनाओं से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री नहीं रखने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने अत्यावश्यक नागरिक सेवाओं से संबंधित प्रकरणों का 7 दिन में निस्तारण करने तथा औसत निस्तारण समय से अधिक अवधि से लंबित प्रकरणों में आगामी तीन दिनों में सुधार के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि इसके बाद भी प्रकरण लंबित पाए जाने पर संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। विद्युत, पीएचईडी, कृषि, राजस्व, पीडब्ल्यूडी एवं ग्रामीण विकास विभाग को लंबित संपर्क प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में स्वास्थ्य, कृषि एवं पशुपालन व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जैमिनी को चिकित्सालयों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा एचपीवी टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा कर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। लाड़ो प्रोत्साहन योजना में नवजात बालिकाओं के वैक्सीनेशन के बाद द्वितीय किश्त का भुगतान सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
जिला अस्पताल, कलक्ट्रेट सहित राजकीय कार्यालयों एवं भवनों में मवेशियों की आवाजाही रोकने के लिए काउ कैचर बेहतर तरीके से लगाने के निर्देश दिए गए। जिले में खाद एवं बीज की उपलब्धता एवं वितरण की समीक्षा करते हुए किसानों को निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को लम्पी रोग से गौवंश की सुरक्षा के लिए टीकाकरण अभियान में तेजी लाने को कहा गया।
सार्वजनिक निर्माण विभाग को सड़कों से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिला प्रशासन ने जनसेवाओं और शिकायतों से जुड़े लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण पर स्पष्ट प्राथमिकता तय की।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
