जिला कलक्टर काना राम ने गुरुवार को वजीरपुर उपखंड क्षेत्र की खण्डीप ग्राम पंचायत पहुंचकर ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई में आमजन की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त कुल 25 परिवादों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने सीसी सड़क निर्माण, आम रास्तों से अतिक्रमण हटवाने, किसान सम्मान निधि योजना की किस्त समय पर दिलवाने, अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई, पेयजल आपूर्ति सुचारू कराने, जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों को पुनः दुरुस्त करवाने, सामुदायिक शौचालय निर्माण, विद्युत पोल लगवाने, मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवाने, पालनहार योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ दिलवाने तथा जॉब कार्ड पुनः चालू करवाने सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित कुल 25 प्रकरण प्रस्तुत किए।

सभी परिवादियों को संवेदनशीलता से सुनते हुए जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही प्राथमिकता से किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें जिला मुख्यालय तक न जाना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक परिवाद की गंभीरता से सुनवाई कर निर्धारित समयावधि में समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा की गई कार्रवाई से परिवादी को भी अवगत कराया जाए।

जनसुनवाई के दौरान परिवादी रामसिंह मीणा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की जियो टैगिंग होने के बावजूद अंतिम किस्त का भुगतान नहीं होने की समस्या रखी। इस पर जिला कलक्टर काना राम ने संबंधित अधिकारी को तत्काल जॉब कार्ड पुनः शुरू करवाकर पात्रता अनुसार अंतिम किस्त जारी करवाने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में सिलिकोसिस से संबंधित परिवाद प्राप्त होने पर जिला कलक्टर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. रामचरण मीणा को क्षेत्र में सिलिकोसिस रोगियों की पहचान कर विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। वहीं एक अन्य परिवादी द्वारा दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनवाने की मांग पर जिला कलक्टर ने मौके पर ही दस्तावेजों की जांच करवाकर ई-मित्र के माध्यम से आवेदन करवाने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान जिला कलक्टर ने पालनहार योजना से जुड़े तीन छोटे बच्चों से संवाद कर उनके आंगनबाड़ी एवं विद्यालय में अध्ययन की स्थिति की जानकारी भी ली। उन्होंने विशेष रूप से पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सड़क निर्माण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपखंड अधिकारी सुधा रानी, विकास अधिकारी डॉ. जगदीश गुर्जर, पशुपालन विभाग के डॉ. सुरेश चन्द मीणा, जेईएन वजीरपुर अखलेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

यह जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story