सवाई माधोपुर, 1 दिसंबर। जिले में पशुपालकों के लिए आर्थिक सुरक्षा का नया अध्याय सोमवार को मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के द्वितीय चरण के शुभारंभ के साथ शुरू हुआ। जिला कलक्टर काना राम ने ऑटूनकलां में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और योजना के तहत पशुपालकों का पंजीयन एवं बीमा प्रक्रिया का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि प्रधानमंत्री के “इंश्योरेंस कवरेज फॉर ऑल-2047“ विजन के अनुरूप राज्य सरकार किसानों, पशुपालकों और आमजन को फसल बीमा, आयुष्मान योजना तथा मंगला पशु बीमा योजना के माध्यम से आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से पशुधन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि यह योजना पशुपालकों के लिए सुरक्षा कवच का कार्य करेगी और उन्हें अप्रत्याशित नुकसान से बचाएगी।

द्वितीय चरण के तहत जिले के शेरपुर, ऑटूनकलां, अमरगढ़, बगलई, भालपुर, बाढ़ टटवाड़ा, मोरन, टुण्डिला, भाडोती, भूखा और मई कलां समेत कुल 12 स्थानों पर शिविर लगाए गए। इन शिविरों में पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन और बीमा पॉलिसी वितरण की प्रक्रिया पूरी की गई। प्रत्येक जनआधार कार्ड धारक पशुपालक अधिकतम दो गाय, दो भैंस या 10 बकरी/भेड़ अथवा 10 ऊंट का बीमा करवा सकता है। पहले दिन ही 87 पशुओं का बीमा किया गया।

पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. राजीव गर्ग ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में जिले में 28,150 पशुओं का बीमा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें 11,200 भैंस, 3,400 गाय, 5,600 बकरियां, 7,000 भेड़ें और 950 ऊंट शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले वर्ष जिले में 12,780 पशुओं का बीमा किया गया था और करीब 110 पशुपालकों को बीमा दावों का भुगतान भी किया गया।

शिविरों में उपस्थित पशुपालकों से अपील की गई कि वे समय पर नजदीकी शिविर में पहुंचकर पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर पंजीकरण करवाएं और योजना का लाभ प्राप्त करें। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी गौरव मित्तल, पंचायत समिति विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा, एसआईपीएफ उपनिदेशक राम स्वरूप मीणा, शिविर प्रभारी डॉ. रामसिंह मीणा, सरपंच प्रतिनिधि, वन विभाग अधिकारी और पशुपालन सहायक सहित बड़ी संख्या में पशुपालक और ग्रामीण उपस्थित रहे।

यह योजना न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाएगी, बल्कि पशुपालकों को अप्रत्याशित आर्थिक क्षति से सुरक्षा प्रदान करते हुए उनकी आय में स्थिरता लाएगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story