जिला कलक्टर काना राम ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करते हुए जिले में ऋण प्रवाह बढ़ाने तथा वित्तीय समावेशन को अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया।

जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय बैंक समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न बैंकिंग एवं ऋण संबंधी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में बैंकिंग क्षेत्र की प्रगति, वित्तीय समावेशन, ऋण वितरण तथा सरकार प्रायोजित योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी बैंकों से कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाए। साथ ही बैंक अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जिले में ऋण प्रवाह बढ़ाने और वित्तीय समावेशन को मजबूत करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।

बैठक में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालक किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, पीएम स्वनिधि योजना, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, स्वयं सहायता समूहों के वित्तपोषण, डिजिटल बैंकिंग तथा वित्तीय साक्षरता कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

भारतीय रिजर्व बैंक के एजीएम धर्मेंद्र चौहान ने बैंकिंग सेवाओं की गुणवत्ता, डिजिटल लेन-देन की सुरक्षा तथा वित्तीय जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं नाबार्ड के डीडीए ने ग्रामीण विकास एवं कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने में बैंकिंग क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।

आरसेटी निदेशक नीरज गोपालिया ने ग्रामीण युवाओं के लिए उपलब्ध निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए राजीविका से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण उपलब्ध कराने हेतु इच्छुक अभ्यर्थियों की सूची तैयार करने की अपील की।

बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, बैंक ऑफ बड़ौदा के उप क्षेत्रीय प्रमुख विकास नारंग, राजस्थान ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख सुदर्शन पारीख, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक पुनीत हरित, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक पंकज कुमार मीणा, अग्रणी जिला प्रबंधक प्रदीप कुमार, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में बैंकिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने, सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और वित्तीय समावेशन को गति देने के लिए विभागीय समन्वय एवं समयबद्ध कार्रवाई की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story