जिला कलक्टर काना राम ने मंगलवार को मलारना डूंगर उपखंड कार्यालय परिसर एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मलारना डूंगर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान गर्मी के मौसम को देखते हुए उन्होंने पक्षियों के लिए परिंडे बांधे और आमजन से पशु-पक्षियों हेतु पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने में सहयोग की अपील की।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने चिकित्सालय प्रभारी डॉ. अमन आर्य सहित समस्त चिकित्सकों एवं कार्मिकों को निर्धारित ड्यूटी समय की सख्त पालना करने तथा कार्यालयीन वेशभूषा में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सालय में प्रतिदिन होने वाली स्वास्थ्य जांचों की जानकारी लेते हुए टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत अधिकाधिक नोड टेस्ट किए जाने के निर्देश भी प्रदान किए।

जिला कलक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं की मासिक प्रगति एवं विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश जारी किए। साथ ही चिकित्सालय परिसर एवं वार्डों में साफ-सफाई बनाए रखने, बेडशीट एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को नियमित रूप से अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया।

इसके अतिरिक्त उन्होंने आरएमएस समिति फंड से एक वार्ड को हीट वेव वार्ड के रूप में विकसित करने तथा उसमें एयर कंडीशनर लगाने हेतु उपखंड अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपखंड कार्यालय परिसर में भी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story