गंगापुर सिटी, 16 मार्च। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप गंगापुर सिटी द्वारा आदिनाथ जयंती से महावीर जयंती तक मनाई जा रही धर्म यात्रा कार्यक्रम के तहत 12 मार्च को जिनेंद्र आदर्श माध्यमिक विद्यालय में विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। आज इन प्रतियोगिताओं में विजयी रहे छात्रों को ग्रुप पदाधिकारियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे पुरस्कार पाकर छात्रों के चेहरे खिल उठे।

दीप प्रज्वलन एवं भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति

आज विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह की शुरुआत में अतिथि दिगंबर जैन सोशल ग्रुप के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं अध्यक्ष नरेंद्र जनरेटर, रीजन सचिव डॉ. मनोज जैन, कोषाध्यक्ष सुभाष जैन, सुमत जैन, प्रवीण जैन, निलेश जैन, ज्ञानेंद्र जैन आदि ने भगवान जिनेंद्र की तस्वीर के समक्ष दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके पश्चात छात्रों द्वारा स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया। स्कूल के बच्चों द्वारा सम्मान समारोह के दौरान विभिन्न संस्कृतियों से जुड़े लोक नृत्य का बहुत ही भव्यता के साथ प्रदर्शन किया गया, जिसको देखकर सभी बच्चे और अतिथि गण झूम उठे।

भगवान आदिनाथ की शिक्षाओं पर प्रकाश

नरेंद्र जनरेटर एवं डॉ. मनोज जैन ने कार्यक्रम की उपयोगिता एवं उद्देश्यों को लेकर चर्चा करते हुए कहा कि "भगवान आदिनाथ ने इस दुनिया को असि, मसी, कृषि, शिल्प और वाणिज्य की शिक्षा देकर आगे बढ़ाया। चतुर्थ काल के आरंभ में जब कल्पवृक्ष एवं कामधेनु का प्रभाव लगभग समाप्त हो गया और जीवन दुश्वार हो गया था, तब आदिनाथ की शिक्षाओं के माध्यम से ही आम जन ने अपने जीवन को आगे बढ़ाया।" कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों का फूल मालाओं से स्वागत किया गया।

आगामी कार्यक्रम: स्थापना दिवस एवं रक्तदान शिविर

ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष सुमेर जैन सोनी ने बताया कि दिगंबर जैन सोशल ग्रुप गंगापुर सिटी द्वारा धर्म यात्रा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत विद्यालय में प्रश्नोत्तरी, घर-घर मंगलाचार और मंदिरों में जिनेंद्र भक्ति के कार्यक्रमों को प्रमुखता से किया जा रहा है। आगामी 20 मार्च को श्री दिगंबर जैन मंदिर नसिया जी में दिगंबर जैन सोशल ग्रुप का 18वां स्थापना दिवस समारोह एवं शपथ ग्रहण समारोह बड़ी भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। इसी प्रकार महावीर जयंती के अवसर पर 29 मार्च को वर्द्धमान हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम में गणमान्य जनों की उपस्थिति

इस कार्यक्रम के दौरान ग्रुप के पदाधिकारी सुमित प्रकाश जैन, प्रवीण जैन, सुभाष सोगानी, ज्ञानेंद्र जैन, डॉक्टर मनोज जैन, नरेंद्र जैन नृपत्या, नीलेश जैन, मोहनलाल जैन सहित दर्जनों सदस्य एवं सैकड़ों बच्चे उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story