जिला शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मीना लसाड़िया की अध्यक्षता में डायट परिसर में प्रोग्राम अप्रूवल कमेटी (PAC) एवं डाइट विकास प्रबंधन समिति (DDMC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा विभाग के समस्त जिला स्तरीय एवं ब्लॉक अधिकारियों, मनोनित शिक्षाविदों, पीईईओ तथा छात्र प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही।

बैठक के दौरान डायट प्राचार्य एवं जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक देवीलाल मीना ने सत्र 2026-27 में प्रस्तावित समस्त गतिविधियों के वार्षिक पंचांग का अनुमोदन प्रस्तुत किया, जिसे स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही विगत वर्ष के वार्षिक पंचांग की विस्तृत समीक्षा की गई। डीडीएमसी की बैठक में पिछले वर्षों में किए गए कार्यों का अनुमोदन करते हुए नवीन सत्र के लिए विभिन्न प्रस्ताव पारित किए गए।

बैठक में डाइट के नवीन पंचांग के अंतिमीकरण के साथ-साथ विभिन्न प्रस्तावों पर प्रभागवार गहन चर्चा की गई। डाइट के अंतर्गत पी&एम, डीआरयू, सीएमडीई, आईएफएससी, ईटी, पीएसटी, डब्लूई तथा पांचवी-आठवीं बोर्ड से जुड़े प्रभागों को शामिल करते हुए योजनाओं की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया।

जिला अधिकारियों ने विद्यालय संबलन को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने, विद्यालयों के सूक्ष्म अवलोकन, विद्यार्थियों एवं स्टाफ की शिक्षक ऐप एवं शाला दर्पण पर ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित करने पर बल दिया। साथ ही आपणी लाडो योजना के तहत पात्र छात्राओं के अधिकाधिक आवेदन, प्रवेशोत्सव के दौरान नामांकन वृद्धि, जर्जर भवनों की स्थिति में सुधार तथा बोर्ड परीक्षा परिणामों में उन्नयन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में डाइट उपप्राचार्य राजेश गर्ग, श्रीकांत शर्मा, अनीता राठौर, डॉ. राजेश कुमार मीना, राजेंद्र वर्मा, रामप्रकाश वर्मा, महेंद्र शर्मा, मानसिंह धाकड़, महेश कावट, निरमा मीना, गुरुवचन मीना, अंकित शर्मा एवं ममता रानी सहित जिले एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे। यह बैठक आगामी शैक्षणिक सत्र की योजनाओं को प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण आधार साबित हुई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story