करौली के मासलपुर में श्री देवनारायण कथा का समापन, हुआ भंडारा
करौली के मासलपुर में आयोजित श्री देवनारायण कथा में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की, राजाराम गुर्जर ने 11 लाख रुपये सहयोग की घोषणा की।

करौली के मासलपुर में श्री देवनारायण कथा के दौरान संबोधित करते हुए पूर्व सभापति राजाराम गुर्जर और उपस्थित श्रद्धालु।
मासलपुर (करौली)। मरदई मोड़ स्थित भगवान श्री देवनारायण मंदिर में आयोजित दिव्य श्री देवनारायण कथा का समापन विशाल प्रसादी भंडारे के साथ श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में मासलपुर, करौली, धौलपुर, दौसा और भरतपुर सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान श्री देवनारायण जी के दर्शन कर प्रसादी ग्रहण की और धर्म लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम का आयोजन 13 गाँव शेरनी की आयोजन समिति एवं क्षेत्र के श्रद्धालुओं के पूर्ण सहयोग से किया गया। आयोजन समिति के अनुसार, श्रद्धालुओं के लिए लगभग 300 मन आटे से विशाल प्रसादी तैयार की गई थी, जिसका हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा और भगवान श्री देवनारायण जी के जयकारों से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस गरिमामयी अवसर पर करौली नगर परिषद के पूर्व सभापति राजाराम गुर्जर ने भगवान श्री देवनारायण मंदिर एवं धार्मिक कार्यों के लिए ₹11 लाख की सहयोग राशि प्रदान करने की घोषणा की। उनके इस सेवा-भाव और आस्था के प्रति समर्पण का उपस्थित जनसमूह ने जोरदार स्वागत किया। आयोजन समिति ने कथा एवं प्रसादी कार्यक्रम की सफलता का श्रेय 13 गाँव शेरनी के ग्रामीणों, भामाशाहों, स्वयंसेवकों एवं श्रद्धालुओं के सामूहिक योगदान को दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
