विद्यालय निरीक्षण में मिलीं कई कमियां, डीईओ देवीलाल मीणा ने संस्था प्रधानों को दिए सख्त निर्देश
जिला शिक्षा अधिकारी देवीलाल मीणा ने पिपलाई, सिरसाली और सितोड विद्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा लाडो योजना, स्टाफ और सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश दिए।

तस्वीर में बाईं ओर एक छात्रा खड़ी है और अन्य छात्र-छात्राएं फर्श पर बैठी हैं, जबकि दाईं ओर अधिकारी खड़े होकर उनसे बातचीत कर रहे हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी देवीलाल मीणा ने विद्यालयों का सघन निरीक्षण करते हुए विभिन्न शिक्षण संस्थानों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया और जहां भी कमियां मिलीं, वहां संस्था प्रधानों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत देव आदर्श उच्च प्राथमिक विद्यालय पिपलाई से हुई, जहां विद्यालय में पाई गई कमियों के संबंध में संस्था प्रधान को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। विद्यालय में प्रशिक्षित स्टाफ नहीं मिलने पर उन्हें पाबंद किया गया कि विद्यालय में केवल प्रशिक्षित स्टाफ ही लगाया जाए।
इसके बाद देवीलाल मीणा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिरसाली पहुंचे, जहां उन्होंने मिड-डे मील (एमडीएम) की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर जांचा तथा स्टाफ बैठक लेकर नामांकन में आई कमी पर चर्चा की। बैठक के दौरान यह तथ्य सामने आया कि स्टाफ की कमी के कारण अभिभावक विद्यार्थियों की टीसी लेकर अन्य विद्यालयों में जा रहे हैं। इस पर संस्था प्रधान को निर्देशित किया गया कि अभिभावकों को समझाया जाए कि श्रीमान निदेशक महोदय द्वारा हाल ही में आदेश जारी किए गए हैं कि यदि किसी विद्यालय में स्टाफ की कमी है तो नजदीकी विद्यालयों से जिला शिक्षा अधिकारी व्यवस्था करेंगे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अभिभावकों में कहीं भी असंतोष की स्थिति नहीं बनने दी जाए।
निरीक्षण के दौरान लाडो योजना, निशुल्क पुस्तक वितरण तथा पौधारोपण की भी समीक्षा की गई। लाडो योजना प्रभारी ने बताया कि कुल 10 पात्र बच्चियों में से 6 के आवेदन करवाए जा चुके हैं, जबकि शेष बच्चियों के दस्तावेज अधूरे होने के कारण उनकी पूर्ति करवाई जा रही है। इस पर प्रभारी को निर्देश दिए गए कि अभिभावकों से शीघ्र संपर्क कर दस्तावेजों की पूर्ति कराते हुए सभी पात्र बच्चियों के आवेदन तत्काल करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि लाडो योजना राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजना में शामिल है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सितोड का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने स्वयं विद्यालय की छत पर चढ़कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। छत की सफाई तो कराई गई थी, लेकिन संतोषजनक नहीं मिलने पर संस्था प्रधान को पुनः बेहतर तरीके से छत की सफाई करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि छत पर पानी रुकेगा तो वह भवन के अंदर जाएगा, जिससे छत कमजोर होगी और बच्चों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान समय में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा श्रीमान जिला कलेक्टर महोदय इसकी नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
देवीलाल मीणा ने पीईईओ को निर्देश दिए कि अपने पीईईओ क्षेत्र के सभी विद्यालयों के भवन सुरक्षा प्रमाण पत्र प्राप्त किए जाएं तथा जिन विद्यालयों के पट्टे अभी लंबित हैं, उनके संबंध में संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर शीघ्र पट्टे बनवाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वहीं लाडो योजना में अपात्र बच्चियों के नामांकन ऑनलाइन करवाने के मामले में शाला प्रभारी को पाबंद किया गया कि भविष्य में इस प्रकार गलत छात्राओं के आवेदन नहीं करवाए जाएं।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
