तैराक दक्षिणा जोशी का भारतीय टीम में चयन, एशियन चैंपियनशिप में खेलेंगी
राजस्थान की दक्षिणा जोशी 12वीं एशियन एज ग्रुप स्विमिंग चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रदेश को 60 साल बाद यह गौरव मिला है।

तस्वीर में स्विमिंग पूल में अभ्यास के दौरान तैराकी कैप और गॉगल्स पहने पानी में तैरती नजर आ रही हैं दक्षिणा जोशी।
तैराकी के क्षेत्र में देश और प्रदेश स्तर पर लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हिंडौन सिटी की बेटी दक्षिणा जोशी अब बैंकॉक (थाईलैंड) की धरती से पूरे एशिया में भारत का परचम लहराती नजर आएंगी। राजस्थान की स्टार तैराक दक्षिणा जोशी का चयन 17 से 23 जुलाई 2026 तक बैंकॉक में आयोजित होने वाली 12वीं एशियन एज ग्रुप स्विमिंग चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय टीम में किया गया है। दक्षिणा के चयन के साथ ही राजस्थान को 60 वर्ष बाद तैराकी में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त हुआ है।
इससे पहले वर्ष 1966 में अर्जुन अवार्डी रीमा दत्ता ने भारतीय टीम में स्थान बनाया था। अब पूरे 60 वर्ष के लंबे इंतजार के बाद दक्षिणा जोशी ने अपनी अटूट मेहनत और निरंतर प्रयासों के दम पर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
दक्षिणा जोशी ने इसी माह आयोजित सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में 20 वर्ष के लंबे इंतजार के बाद राजस्थान को रजत पदक दिलाकर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया था। इसके बाद अब भारतीय टीम में चयनित होकर उन्होंने राजस्थान को एक और बड़ी उपलब्धि दिलाई है।
इससे पूर्व भी दक्षिणा जोशी ने जूनियर नेशनल-2024 में एक स्वर्ण पदक तथा स्कूल नेशनल-2025 में दो स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया था। उनकी लगातार उत्कृष्ट उपलब्धियों ने उन्हें देश की उभरती हुई तैराकों में प्रमुख स्थान दिलाया है।
दक्षिणा जोशी हिंडौन सिटी की शिव कॉलोनी निवासी नवीन शर्मा की पुत्री हैं। नवीन शर्मा वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं करौली जिले के मीडिया प्रभारी हैं। दक्षिणा इन दिनों कर्नाटक के कनकपुरा में रहकर तैराकी का नियमित अभ्यास कर रही हैं।
आगामी जूनियर स्टेट प्रतियोगिता में टोंक का प्रतिनिधित्व करने के उद्देश्य से दक्षिणा जोशी 4 जुलाई 2026 को जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। उनके स्वागत के लिए जयपुर एवं राजस्थान स्विमिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा उनके इष्ट मित्र एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत करेंगे। बैंकॉक में होने वाली एशियन एज ग्रुप स्विमिंग चैंपियनशिप में भारतीय टीम का हिस्सा बनकर दक्षिणा जोशी अब पूरे एशिया के सामने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी, जिससे राजस्थान और हिंडौन सिटी का गौरव अंतरराष्ट्रीय मंच पर और अधिक बढ़ेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
