कोरोना सहायता योजना 2026-27 के वार्षिक सत्यापन की प्रक्रिया शुरू, लाभार्थियों को निर्देश
सवाई माधोपुर में कोरोना सहायता योजना 2026-27 के वार्षिक सत्यापन की प्रक्रिया शुरू, जानें सत्यापन के लिए जरूरी दस्तावेज और नियम।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित कोरोना सहायता योजना (कोरोना पेंशन व कोरोना पालनहार) के लाभार्थियों के लिए सत्र 2026-27 के वार्षिक सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। योजना के तहत प्रतिवर्ष वार्षिक सत्यापन करवाना अनिवार्य है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक मनोज कुमार गहलोत ने बताया कि सत्र 2026-27 के वार्षिक सत्यापन के लिए पोर्टल पर ऑप्शन शुरू हो चुका है। जिले के सभी कोरोना सहायता योजना के लाभार्थी कोरोना पेंशन का वार्षिक सत्यापन अपने नजदीकी ई-मित्र के माध्यम से या संबंधित पंचायत समिति के समाज कल्याण विभाग अथवा जिला कार्यालय समाज कल्याण विभाग में करवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कोरोना पालनहार योजना का सत्यापन भी नजदीकी ई-मित्र के माध्यम से करवाया जा सकता है। कोरोना पेंशन का सत्यापन करवाने के लिए जनआधार कार्ड आवश्यक होगा, जबकि कोरोना पालनहार योजना के सत्यापन के लिए जनआधार कार्ड, बच्चों के आधार कार्ड और बच्चों के अध्ययनरत प्रमाण पत्र की आवश्यकता होगी।
उप निदेशक मनोज कुमार गहलोत ने जिले के सभी कोरोना सहायता योजना के लाभार्थियों से अपील की है कि वे योजना के तहत वार्षिक सत्यापन समय पर करवाना सुनिश्चित करें। वार्षिक सत्यापन नहीं करवाने की स्थिति में योजना के तहत मिलने वाला भुगतान रुक जाएगा।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
