सवाई माधोपुर/जयपुर, 5 नवम्बर। साहित्य की दुनिया में एक नई संवेदनशील कृति का प्रवेश हुआ जब वरिष्ठ आरएएस अधिकारी एवं साहित्यकार डॉ. सूरज सिंह नेगी द्वारा रचित उपन्यास ‘भावेश जो कह न सका’ का भव्य विमोचन सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम कुमार दक के हाथों हुआ। यह आयोजन झालाना संस्थानिक क्षेत्र स्थित राजस्थान प्रौढ़ शिक्षण समिति में ‘ग्रासरूट मीडिया फाउंडेशन’ के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जहां साहित्यप्रेमियों, शिक्षाविदों और विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सुरेंद्र सोनी ने की, जबकि उपन्यास की गहन समीक्षा लेखिका एवं शिक्षिका आशा शर्मा द्वारा प्रस्तुत की गई। अपने विचार व्यक्त करते हुए मंत्री गौतम कुमार दक ने कहा कि “ऐसी रचनाएं समाज के उस मौन हिस्से को आवाज़ देती हैं जो अक्सर अनसुना रह जाता है। यह उपन्यास न केवल किशोरों बल्कि अभिभावकों के लिए भी एक दर्पण है, जो आत्ममंथन को प्रेरित करता है।”

लेखक डॉ. सूरज सिंह नेगी ने अपने संबोधन में बताया कि यह कृति समाज के उस संवेदनशील वर्ग की कहानी है जो शब्दों से नहीं, मौन से अपनी भावनाएं प्रकट करता है। उन्होंने कहा कि “किशोरों के मन में उठते द्वंद्व, पारिवारिक अपेक्षाओं का दबाव और आत्मपहचान की खोज — यही इस उपन्यास की आत्मा है। कई बार बच्चों की चुप्पी समाज के लिए गहरा संदेश बन जाती है।”

इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने किशोरावस्था के मानसिक उतार-चढ़ाव, सफलता की बदलती परिभाषा, और अभिभावकों की भूमिका जैसे सामाजिक मुद्दों पर गंभीर विमर्श किया। उन्होंने माना कि वर्तमान समय में संवाद की कमी और प्रतिस्पर्धा का दबाव युवाओं को भावनात्मक रूप से अकेला कर रहा है, ऐसे में ‘भावेश जो कह न सका’ जैसी कृतियां समाज को जागरूक और संवेदनशील बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

कार्यक्रम में ग्रासरूट मीडिया फाउंडेशन के संस्थापक प्रमोद शर्मा सहित अनेक शिक्षाविद, विद्यार्थियों और साहित्य रसिकों ने भाग लिया। आयोजन के अंत में उपन्यास की प्रति का लोकार्पण करते हुए साहित्य और समाज के बीच संवाद को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story