सवाई माधोपुर, 26 नवंबर। राष्ट्रीय विधि दिवस (संविधान दिवस) के अवसर पर बुधवार को जिले में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, बाल संसद और विधिक जागरूकता शिविरों का समावेश रहा। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार यह कार्यक्रम एडीआर सेंटर सवाई माधोपुर में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला एवं सेशन न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री देवेंद्र दीक्षित ने की। इस अवसर पर जिले के न्यायिक अधिकारी, न्यायिक कर्मचारी, एडीआर स्टाफ, पैनल अधिवक्ता एवं अधिकार मित्र उपस्थित रहे। श्री दीक्षित ने उपस्थित जनों को उनके मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा देश के प्रति भारतीय नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों का पालन करने के महत्व पर जोर दिया।

सामाजिक और शैक्षणिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए फतेह पब्लिक स्कूल, उच्च माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर विवेकानंदपुरम, केंद्रीय विद्यालय, बालिका आदर्श विद्या मंदिर मानटाउन एवं शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह विधि महाविद्यालय में बाल संसद का आयोजन किया गया। बाल संसद में छात्र-छात्राओं ने संसद की वास्तविक कार्यवाही का अभिनय करते हुए लोकसभा स्पीकर, प्रधानमंत्री, विभिन्न मंत्री एवं विपक्ष की भूमिकाओं का प्रदर्शन किया। इस मंच पर लैंगिक समानता, बाल अधिकार और सामाजिक मुद्दों पर छात्रों द्वारा चर्चाएं की गई, साथ ही संविधान की उद्देशिका का वाचन हुआ और सभी ने मौलिक कर्तव्यों का पालन करने की शपथ ली।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव समीक्षा गौतम ने उपस्थित विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को शिक्षा का अधिकार, भारतीय नागरिकों के मौलिक अधिकार, संवैधानिक सशक्तिकरण एवं नालसा द्वारा संचालित योजनाओं, निःशुल्क विधिक सलाह और हेल्पलाइन 15100 के बारे में जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में असिस्टेंट एलएडीसी आयुष ताजी, अक्षय सिंह राजावत, पैनल अधिवक्ता हरिलाल बैरवा, नंदकिशोर बैरवा एवं अधिकार मित्र दिनेश कुमार बैरवा, धनराज मीणा, मुकेश कुमार शर्मा, रणवीर चौधरी और मगनलाल मीणा आदि उपस्थित रहे।

साथ ही, पैनल अधिवक्ताओं और अधिकार मित्रों द्वारा जिला मुख्यालय सहित तालुका गंगापुर सिटी, बौंली, बामनवास और खंडार में जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में स्थानीय नागरिकों को उनके कानूनी अधिकार, मौलिक कर्तव्य, नालसा की योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता और हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

इस कार्यक्रम ने नागरिकों और विद्यार्थियों दोनों में संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने, न्यायिक और विधिक समझ विकसित करने और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story