सवाई माधोपुर, 31 अक्टूबर। सिविल लाइन स्थित कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार को भारत की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और देश के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों महान नेताओं के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष गिर्राज सिंह गुर्जर ने इंदिरा गांधी और सरदार पटेल के अद्वितीय योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इंदिरा गांधी को उनकी दृढ़ नीतियों और अदम्य साहस के कारण “आयरन लेडी” कहा जाता था। उन्होंने भारत को नई दिशा और गति दी तथा कठिन परिस्थितियों में भी देश की एकता और अखंडता बनाए रखी। उन्होंने 1971 के युद्ध में निर्णायक नेतृत्व दिखाते हुए पाकिस्तान को करारी हार दिलाई और बांग्लादेश के गठन में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

गुर्जर ने आगे कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश के राजा-महाराजाओं की रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर एक मजबूत लोकतांत्रिक भारत की नींव रखी। उन्हें “लौह पुरुष” के रूप में जाना जाता है, जिन्होंने एकता और अखंडता के प्रतीक के रूप में इतिहास में अपनी अमिट छाप छोड़ी।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने “वोट चोर गद्दी छोड़” हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ भी किया। कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष अनिल वर्धमान, संगठन महामंत्री हरिमोहन शर्मा, नगर अध्यक्ष मोहन मंगल, जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष रामजीलाल बैरवा, मीडिया प्रभारी अजय शर्मा, महासचिव सोनीका शर्मा, सचिव रामजीलाल गुर्जर और अब्दुल गफूर सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता और विकास के प्रति निष्ठा के संकल्प के साथ हुआ। श्रद्धांजलि समारोह ने कार्यकर्ताओं को यह संदेश दिया कि महान नेताओं की विचारधारा और संघर्ष आज भी भारतीय राजनीति की दिशा तय कर रहे हैं।

Next Story