नीट पेपर लीक और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल, पीएम मोदी का पुतला फूंका
नीट पेपर लीक, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और राहुल गांधी के समर्थन में बोली में कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन कर पीएम मोदी का पुतला फूंका, कई मांगें उठाईं।

तस्वीर में कांग्रेस कार्यकर्ता बोली में नीट पेपर लीक और पुलिस कार्रवाई के विरोध में हाथों में बैनर-झंडे थामे प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं।
बोली में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा एवं बामनवास विधायक व कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंदिरा मीणा के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गिर्राज मीणा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों, नीट पेपर लीक और छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गिर्राज मीणा ने कहा कि नीट जैसी देश की सबसे बड़ी परीक्षा सहित अब तक 150 से अधिक पेपर लीक हो चुके हैं, लेकिन केंद्र सरकार ने आज तक किसी की जवाबदेही तय नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों ने छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है।
जिला कांग्रेस कमेटी सचिव सिराज खान ने कहा कि जब छात्र और युवा लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपने हक की मांग को लेकर प्रदर्शन करते हैं, तब उन पर तानाशाही रवैये के साथ पुलिसिया दमन चक्र चलाया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर की गई कठोर पुलिस कार्रवाई और दर्ज किए गए झूठे मुकदमे सीधे तौर पर प्रजातंत्र की हत्या हैं।
कांग्रेस मीडिया प्रभारी अमन खान ने बताया कि बीते दिन संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों की आवाज को प्रमुखता से उठाते हुए पीएम हाउस के बाहर धरना दिया था। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया था कि हक मांग रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़कर मोदी सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के इसी संघर्ष को आगे बढ़ाते हुए ब्लॉक स्तर पर यह विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि शांतिपूर्ण धरना दे रहे छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं और पुलिसिया दमन बंद किया जाए। साथ ही लगातार हो रहे पेपर लीक और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफे की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने यह भी मांग उठाई कि छात्रों पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज कराने और तानाशाही रवैया अपनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश से माफी मांगें।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगें स्वीकार नहीं कीं, तो राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरे देश में उग्र जनांदोलन किया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन में महिला कार्यकर्ताओं ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव सिराज खान, जिला उपाध्यक्ष मुखराज, गंगाधर रतनपुरा, मंडल अध्यक्ष विश्राम, मीठालाल, गिर्राज मीणा, रमेश (मंडल अध्यक्ष), सलीम मिर्जा, इरफान टांक पूर्व यूथ अध्यक्ष, शाहरुख खान, जीतराम, बलराम बपूई, ताराचंद, गंगाराम तथा एसटी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
