सेलू कांग्रेस मंडल की बैठक में संगठन मजबूती का संकल्प, पंचायती चुनाव पर मंथन
सेलू कांग्रेस मंडल की संगठनात्मक बैठक दोबड़ा कला में आयोजित हुई, जिसमें संगठन सर्जन अभियान, बूथ स्तर की सक्रियता और पंचायती राज चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया।

दोबड़ा कला में कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक के दौरान पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता चर्चा करते हुए।
दोबड़ा कला की बड़ी मस्जिद पर सेलू कांग्रेस मंडल की संगठनात्मक बैठक संपन्न हुई। बैठक में राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे संगठन सर्जन अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान संगठन को मजबूत करने और आगामी पंचायती राज चुनाव में कांग्रेस को मजबूती से उतारने का संकल्प लिया गया।
बैठक में बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती, आपसी समन्वय और सक्रिय भागीदारी को लेकर चर्चा की।
बैठक में कांग्रेस के सेलू मंडल प्रभारी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बीपी सिंह रजाना, जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव संजय गौतम पार्षद, पूर्व जिला उपाध्यक्ष रि. तहसीलदार राधेश्याम मीणा, मंडल अध्यक्ष शुभम धणावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक में प्रभारी एडवोकेट बीपी सिंह ने प्रत्येक कार्यकर्ता से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों एवं जनहितकारी विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का कार्य करें।
बैठक के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की समस्याओं को भी उठाया। कार्यकर्ताओं ने बताया कि किसानों को समय पर बिजली नहीं मिल रही है, जिससे किसानों की फसलें खराब हो रही हैं। इसके साथ ही ओलावृष्टि से क्षेत्र में फसल नष्ट होने के बावजूद अभी तक किसानों को मुआवजा नहीं मिलने की समस्या को भी उजागर किया गया।
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और आगामी पंचायती राज चुनाव के लिए जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
